14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सोमालिया की सेना ने की एयरस्ट्राइक्स, 42 आतंकी हुए ढेर

Airstrikes In Somalia: सोमालिया की सेना ने अल-शबाब आतंकी संगठन के ठिकाने पर एयरस्ट्राइक्स करते हुए 42 आतंकियों को मार गिराया।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Tanay Mishra

Jul 14, 2026

Somali army airstrike

सोमालिया की सेना ने की एयरस्ट्राइक (File Photo)

आतंकवाद (Terrorism) दुनियाभर में तेज़ी से फैल रहा है और एक बड़ी समस्या बन गया है। अफ्रीकी देशों में पिछले कुछ सालों में आतंकवाद तेज़ी से फैला है और इन देशों में सोमालिया (Somalia) भी शामिल है। सोमालिया में अल-शबाब (al-Shabab) नाम का आतंकी संगठन पिछले कई सालों से एक्टिव है और दहशत फैला रहा है। यह आतंकी संगठन देश में सेना, अधिकारियों और आम नागरिकों पर हमले करने से पीछे नहीं हटता। ऐसे में सेना ने अब अल-शबाब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात आतंकी संगठन के ठिकाने पर एयरस्ट्राइक्स कर दी।

42 आतंकी ढेर

सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि सेंट्रल हिरान इलाके में मखास ज़िले से लगभग 10 किलोमीटर उत्तर में गोबो इलाके में रात भर सेना ने एयरस्ट्राइक्स की। सोमाली नेशनल आर्मी ने अंतर्राष्ट्रीय सहयोगियों की मदद से ये एयरस्ट्राइक्स की। इन एयरस्ट्राइक्स में अल-शबाब के 42 आतंकी मारे गए। 12 आतंकी सेना की एयरस्ट्राइक्स में घायल हो गए।

अल-शबाब को खत्म करना मकसद

सोमालिया की सेना ने अल-शबाब को कमजोर करने के उद्देश्य से ये एयरस्ट्राइक्स की। एक दिन पहले सुल्लाय और वाब-वेन इलाकों में हुई झड़पों के बाद ये आतंकी क्षेत्र में फिर से एकजुट हो रहे थे। सेना की एयरस्ट्राइक्स में आतंकियों का एक सैन्य वाहन, सुरक्षा ठिकाने और अन्य बुनियादी ढांचे भी तबाह हो गए जिनका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था। सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि अल-शबाब के खिलाफ सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि यह आतंकी संगठन देश के लिए सुरक्षा खतरा न रहे। सेना का मकसद अल-शबाब को खत्म करना है।

पिछले कुछ महीनों में अल-शबाब को हुआ भारी नुकसान

सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि पिछले कुछ महीनों में सोमाली नेशनल आर्मी और उसके अंतर्राष्ट्रीय सहयोगियों के हमलों में अल-शबाब को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सेना ने अलग-अलग मौकों पर आतंकी ठिकानों पर हमले किए हैं, जिसमें सैकड़ों आतंकी और अल-शबाब के कई प्रमुख नेता मारे गए हैं। वहीँ अल-शबाब ने भी हाल ही में सोमालिया की सेना के 2 सैनिकों को मार गिराया है और 2 सैनिक आतंकियों के हमले में घायल हो गए।