
नाइजीरिया के चर्च में कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ से 31 की मौत, कई घायल, मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल
दक्षिणी नाइजीरिया में एक चर्च के कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। यह हादसा दक्षिणी नाइजीरिया के पोर्ट हरकोर्ट शहर में हुआ है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह भोजन वितरण के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। भगदड़ के दौरान मरने वालों और घायलों में ज्यादातर बच्चे हैं। ऐसा इस लिए हुआ क्योंकि भीड़ ने कार्यक्रम में गेट बंद होने के बावजूद स्थल में घुसने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम स्थल के गेट पर भोजन वितरण के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ लोगों को जमीन पर धकेल दिया गया तो कुछ लोग इस भीड़ में कुचलकर मर गए। रिवर स्टेट के पुलिस प्रवक्ता ग्रेस इरिंगे-कोको के मुताबिक शनिवार सुबह भोजन लेने आए सैंकड़ों लोगों ने चर्च के गेट को तोड़ दिया, जिसके बाद वहां भगदड़ मच गयी।
अचानक मची इस भगदड़ के कारण माहौल बिगड़ गया और लोग जमीन पर गिरने लगे और कुचलकर मारे जाने लगे। जब ये भगदड़ हुई तब कार्यक्रम शुरू भी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा 31 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। घटना के बाद मृतकों और 7 घायलों को पास के पोर्ट हरकोर्ट अस्पताल ले जाया गया है।
यह भी पढ़ें: पार्टी में इन्वाइट न करना दोस्तों को पड़ा भारी, महिला ने मुकदमा करके वसूले 72 लाख रुपये!
तो वहीं नाइजीरिया के नागरिक सुरक्षा कोर के एक क्षेत्रीय प्रवक्ता ओलुफेमी अयोडेल के अनुसार, "ये घटना एक स्थानीय पोलो क्लब में हुई है, जहां पास के किंग्स असेंबली चर्च ने 'उपहार दान अभियान' का आयोजन किया था। गिफ्ट के सामान बांटने की प्रक्रिया के दौरान, भीड़भाड़ के कारण भगदड़ मच गई और ये हादसा हो गया।" उन्होंने कहा इस घटना में ज्यादातर बच्चे हताहत हुए हैं और ज्यादातर बच्चों की मौत हुई है।
Published on:
28 May 2022, 9:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.