22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

36000 फीट की ऊंचाई पर प्लेन का दरवाजा खोलने लगा शख्स, रोकने पर साथी पैसेंजर को पीटा, क्या है पूरा मामला ?

Emergency:न्यूयार्क से ग्वाटेमाला जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में एक सिरफिरे यात्री ने 36 हजार फीट की ऊंचाई पर आपातकालीन दरवाजा खोलने का प्रयास किया। जब सह-यात्री ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिसके बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

2 min read
Google source verification

भारत

image

MI Zahir

May 22, 2026

United Airlines Plane

यूनाइटेड एयरलाइंस का विमान। (फोटो : ANI)

Aviation : न्यूयार्क के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ग्वाटेमाला सिटी के लिए उड़ान भरने वाली यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 1551 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जब विमान जमीन से करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी एक सनकी यात्री ने विमान का मुख्य आपातकालीन दरवाजा खोलने की कोशिश की। इस अप्रत्याशित हरकत से पूरी केबिन में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

रोकने पर सह-यात्री के साथ मारपीट

चश्मदीद यात्रियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के रिकॉर्ड के अनुसार, जब आरोपी यात्री विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहा था, तब पास में ही बैठे एक अन्य सतर्क यात्री ने उसे रोकने और शांत करने का प्रयास किया। इस बात से नाराज होकर आरोपी हिंसक हो उठा और उसने उस सह-यात्री पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पीड़ित यात्री को बुरी तरह पीटा, जिससे विमान के अंदर ही हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। विमान के क्रू मैम्बर्स ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बीच-बचाव किया और अन्य यात्रियों की मदद से किसी तरह उस उपद्रवी शख्स पर काबू पाया।

पायलट की सूझबूझ और वाशिंगटन में आपातकालीन लैंडिंग

विमान के अंदर अचानक पैदा हुए इस गंभीर संकट को देखते हुए पायलट ने बिना वक्त गंवाए नजदीकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा। पायलट ने बहुत शांत लेकिन गंभीर लहजे में एटीसी को सूचना दी कि एक अनियंत्रित यात्री ने विमान के उड़ान भरने के महज 40 मिनट बाद ही हवा में दरवाजा खोलने की कोशिश की है और एक सह-यात्री के साथ मारपीट की है। मामले की नजाकत को देखते हुए विमान का मार्ग तुरंत बदला गया और उसे वाशिंगटन के डलेस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डेकी तरफ मोड़ दिया गया, जहां विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

क्या हवा में खुल सकता है विमान का दरवाजा ?

इस घटना ने एक बार फिर विमानों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी है। हालांकि, विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि व्यावसायिक उड़ानों के दौरान इतनी अधिक ऊंचाई पर हवा के दबाव में बहुत अंतर होता है। केबिन के अंदर का दबाव बाहर के मुकाबले बहुत ज्यादा होता है, जिससे किसी भी आम इंसान के लिए उड़ान के दौरान अपनी शारीरिक ताकत से विमान का मुख्य दरवाजा खोल पाना तकनीकी रूप से नामुमकिन है। इसके बावजूद, ऐसी कोशिशें विमान की सुरक्षा और यात्रियों के मानसिक संतुलन के लिए एक बड़ा खतरा साबित होती हैं।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं, आरोपी हिरासत में

विमान वाशिंगटन में उतरते ही अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई और स्थानीय हवाई अड्डा सुरक्षा बलों ने फौरन मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा अधिकारियों ने विमान के अंदर घुस कर उस उपद्रवी यात्री को अपनी हिरासत में ले लिया और उसे पूछताछ के लिए ले जाया गया। इस घटना के दौरान विमान में 145 यात्री और 6 क्रू मैम्बर्स सवार थे, जिन्हें इस खौफनाक अनुभव से गुजरना पड़ा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि पायलट की मुस्तैदी से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और विमान में सवार अन्य सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी यात्री की इस हरकत के पीछे उसकी मानसिक स्थिति जिम्मेदार थी या कोई अन्य बड़ी साजिश थी।