
अमेरिका का ईरान पर हमला (X @misra_amaresh)
US Iran latest news: ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। ईरान की न्यूज एजेंसी IRNA के अनुसार, गुरुवार को दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज के बाहरी इलाके में अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हमले के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और मलबा हटाने का काम कर रहे हैं।
IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक, खुजेस्तान प्रांत के सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था मामलों के उप-गवर्नर वलियोल्लाह हयाती ने बताया कि तड़के हुए हमले में इजरायल-अमेरिका गठबंधन ने अहवाज के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक स्थान को निशाना बनाया। हयाती ने कहा कि हमले के बाद राहत, बचाव और चिकित्सा अभियान लगातार जारी है तथा प्रभावित इलाके की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
अमेरिका ने इस सैन्य कार्रवाई को हाल ही में मालवाहक जहाजों पर हुए हमलों का जवाब बताया है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का कहना है कि ईरान के उन ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनका इस्तेमाल होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार को खतरे में डालने के लिए किया जा सकता था। गौरतलब है कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार और तेल परिवहन मार्गों में से एक है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है, इसलिए यहां बढ़ता तनाव पूरी दुनिया की चिंता का विषय बन गया है।
यह हमला ऐसे टाइम हुआ है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि तेहरान के साथ लागू अंतरिम युद्धविराम अब प्रभावी रूप से खत्म हो चुका है। इसके तुरंत बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ अतिरिक्त सैन्य अभियान शुरू किए जाने की पुष्टि भी कर दी। मीडिया के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार को होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तीन मालवाहक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि बुधवार को किए गए हमले पहले दिन की तुलना में कहीं अधिक व्यापक और बड़े पैमाने पर थे।
अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में ईरान ने लगातार दूसरे दिन कुवैत और बहरीन की ओर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इन दोनों देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने सभी आने वाली मिसाइलों और ड्रोन को बीच रास्ते में ही नष्ट कर दिया। वहीं, कतर ने कुछ समय के लिए उच्च सुरक्षा खतरे का अलर्ट जारी किया, हालांकि बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तत्काल खतरा टल चुका है।
इस बीच, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालीबाफ ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि तेहरान अपनी सैन्य कार्रवाई का जवाब देना जारी रखेगा और अमेरिकी हमलों का उचित प्रतिशोध लिया जाएगा।
Updated on:
09 Jul 2026 12:52 pm
Published on:
09 Jul 2026 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
