
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo -ANI)
PM Modi in Melbourne: इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं। गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया की राजधानी मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत हुआ। उन्हें पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने समारोह स्थल पर एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया। इसके बाद औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मेलबर्न स्थित गवर्नमेंट हाउस में विक्टोरिया की गवर्नर मार्गरेट गार्डनर एसी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। गवर्नमेंट हाउस विक्टोरिया के गवर्नर का आधिकारिक निवास है। मार्गरेट गार्डनर एसी विक्टोरिया की 30वीं गवर्नर और इस पद पर नियुक्त होने वाली दूसरी महिला हैं।
इससे पहले पीएम मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन में ऑस्ट्रेलियाई उद्योग जगत लीडर्स को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी शामिल हुए।
इस मौके पर पीएम मोदी ने भारत की स्वच्छ ऊर्जा महत्वाकांक्षाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई कंपनियां यहां मौजूद हैं। भारत में हम जलविद्युत परियोजनाओं, ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मॉड्यूल और पवन टर्बाइनों के लिए विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहे हैं। भारत ने वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने और 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऑस्ट्रेलिया की तकनीक, पूंजी और संसाधन इस परिवर्तन को गति दे सकते हैं।'
इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, 'ईसीटीए समझौता हमारे आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। इसके लागू होने के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है। इससे दोनों देशों के व्यवसायों को नए बाजारों तक पहुंच का लाभ मिला है।'
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। भारतीय समुदाय ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया था। इससे पहले उन्होंने अपनी तीन देशों की विदेशा यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया का दौरा पूरा किया था।
प्रधानमंत्री मोदी की तीन दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, जन संपर्क, उभरती एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, खेल और खेल विज्ञान जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया दौरा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड जाएंगे।
Updated on:
09 Jul 2026 10:23 am
Published on:
09 Jul 2026 10:00 am
