14 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अमेरिका में 3.7 प्रतिशत पहुंची महंगाई दर, साल भर में 34 प्रतिशत तक बढ़ी पेट्रोल की कीमत

US Inflation Rate: अमेरिका में सितंबर में महंगाई दर बढ़कर 3.7% पहुंच गई। पेट्रोल की कीमतों में सालाना 34.2% की बढ़ोतरी से आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ा।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Mukul Kumar

•

Oct 14, 2026

Donald Trump

फोटो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (सोर्स- ANI)

अमेरिका में महंगाई काफी बढ़ गई है। सितंबर महीने में उपभोक्ता कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला है। पेट्रोल के दाम भी बहुत बढ़ गए और इसी वजह से पूरी महंगाई का आंकड़ा ऊपर चला गया है।

अमेरिकी श्रम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 0.6 प्रतिशत बढ़ा। अगस्त में यह बढ़ोतरी 0.4 प्रतिशत थी। साल भर के हिसाब से महंगाई दर 3.7 प्रतिशत हो गई है, जो पिछले महीने 3.4 प्रतिशत थी।

पेट्रोल पर असर सबसे ज्यादा

महंगाई का सबसे ज्यादा असर पेट्रोल पर पड़ा है। एक ही महीने में पेट्रोल के दाम 9.1 प्रतिशत उछल गए। विभाग ने साफ कहा कि इस महीने की पूरी महंगाई में आधे से ज्यादा हिस्सा अकेले पेट्रोल का है। ऊर्जा की कीमतें भी 5.2 प्रतिशत बढ़ीं हैं।

साल भर में ऊर्जा 20.4 प्रतिशत महंगी हुई है, जबकि पेट्रोल के दाम तो 34.2 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। इसके अलावा, खाना और अन्य ऊर्जा को छोड़कर बाकी चीजों की कीमतें साल भर में 2.6 प्रतिशत बढ़ीं हैं। अगस्त में यह 2.4 प्रतिशत थी। महीने के हिसाब से कोर महंगाई 0.3 प्रतिशत रही।

महंगाई को कंट्रोल करने की तैयारी

अमेरिका में मकान किराए और हाउसिंग की लागत भी बढ़ी है। शेल्टर इंडेक्स 0.4 प्रतिशत ऊपर चला गया है। खाने-पीने की चीजों के दाम इस महीने लगभग स्थिर रहे। यह आंकड़े ऐसे समय आए हैं जब फेडरल रिजर्व अपनी अगली बैठक की तैयारी कर रहा है।

महंगाई को कंट्रोल करने के लिए इसे 2 प्रतिशत के लक्ष्य के करीब लाने की कोशिश चल रही है, लेकिन पेट्रोल और ऊर्जा की बढ़ती कीमतें इस काम को मुश्किल बना रही हैं।

आम लोगों की जेब पर बढ़ रहा दबाव

विशेषज्ञों का मानना है कि ऊंची ऊर्जा कीमतें पूरे अर्थव्यवस्था पर और बड़ा असर डाल सकती हैं। आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ रहा है और नीति निर्माताओं के लिए चुनौती और बड़ी हो गई है।

अमेरिका में 2028 में राष्ट्रपति चुनाव है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अभी से ही अपनी पार्टी के प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में यह ताजा महंगाई दर उनके अभियान पर नकारात्मक असर डाल सकती है।