
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo- IANS)
US-Iran Deal: पश्चिम एशिया संकट के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर नए संकेत मिले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 80वें जन्मदिन (14 जून) पर दावा किया कि रविवार को दोनों देशों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर होंगे और इसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य यानी होर्मुज स्ट्रेट अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए खोल दिया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रस्तावित समझौता ईरान को स्थायी रूप से परमाणु हथियार हासिल करने से रोकेगा और यह 2015 के ओबामा-कालीन परमाणु समझौते से बिल्कुल अलग होगा। उनके अनुसार इस बार किसी प्रकार का वित्तीय भुगतान नहीं होगा।डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अब परमाणु हथियार नहीं चाहता और भविष्य में उसे विकसित या हासिल भी नहीं करेगा।
हालांकि ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने कहा कि 14 जून को समझौते पर हस्ताक्षर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि समझौता आने वाले दिनों में हो सकता है, लेकिन इसके लिए सही समय का इंतजार करना होगा। बघेई ने जेनेवा में समझौते की संभावना से भी इनकार किया।
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका के साथ होने वाली संभावित शांति वार्ता कोई अंतिम परमाणु समझौता नहीं होगी। यह पहले एक अंतरिम समझौता होगा, जिसे लागू करने के बाद ही दोनों देश परमाणु कार्यक्रम पर औपचारिक बातचीत शुरू करेंगे।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दावा किया कि शांति समझौता अगले 24 घंटे में अंतिम रूप ले सकता है और इसका मसौदा इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर के लिए तैयार है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार प्रस्तावित समझौते में संवर्धित यूरेनियम को देश से बाहर ले जाकर नष्ट किया जाएगा। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और एलएनजी आपूर्ति का प्रमुख मार्ग है, इसलिए भारत समेत दुनिया के ऊर्जा बाजार इस घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं।
दूसरी ओर दक्षिण लेबनान में इजरायली हमले जारी रहे और इजरायल ने सात हिजबुल्लाह लड़ाकों को मारने का दावा किया। इस बीच एक रिपोर्ट में यूएई द्वारा ईरान के साथ 10 अरब डॉलर की डील और तीन अरब डॉलर के भुगतान का दावा किया गया, हालांकि यूएई ने इससे इनकार किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने भविष्य में ईरान के साथ बेहतर संबंधों की उम्मीद जताते हुए कूटनीति विफल होने पर अन्य विकल्प मौजूद होने की चेतावनी भी दी।
Published on:
14 Jun 2026 01:36 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
