11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

युद्धविराम के बाद पहली बार एक दूसरे के आमने-सामने अमेरिकी-ईरानी नेता, पाक में शुरू हुई डायरेक्ट बातचीत

Iran US War Update: युद्धविराम के बाद पहली बार अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल आमने-सामने बैठकर इस्लामाबाद में डायरेक्ट बातचीत कर रहे हैं। क्या इससे पश्चिम एशिया में तनाव कम होगा? जानें पूरा अपडेट।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Apr 11, 2026

Islamabad Talks 2026

Islamabad Talks 2026 (AI Generated Image)

Islamabad Talks 2026: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। युद्धविराम के बाद पहली बार अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल सीधे आमने-सामने बैठकर बातचीत कर रहे हैं। यह अहम वार्ता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू हो चुकी है और इसे क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, पहले इन वार्ताओं को 'अप्रत्यक्ष बातचीत' के रूप में रखा गया था, जिसमें दोनों देशों के प्रतिनिधि अलग-अलग कमरों में बैठते थे और पाकिस्तान मध्यस्थ के रूप में संदेश पहुंचाने का काम करता था। लेकिन अब स्थिति में बड़ा बदलाव आया है और दोनों पक्ष सीधे बातचीत में शामिल हो गए हैं।

सेरेना होटल बना कूटनीति का केंद्र

इस्लामाबाद का सेरेना होटल इस हाई-लेवल बातचीत का मुख्य केंद्र बन गया है। यहां अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल पहुंचे हैं और कड़ी सुरक्षा के बीच वार्ता जारी है। होटल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की आवाजाही लगातार जारी रही।

कौन-कौन नेता शामिल?

अमेरिका की ओर से इस वार्ता का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं। उनके साथ स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी मौजूद हैं। वहीं ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची जैसे वरिष्ठ नेता इस बातचीत में शामिल हैं। वार्ता से पहले ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने इस्लामाबाद में एक रणनीतिक बैठक कर अपने एजेंडे को अंतिम रूप दिया।

पाकिस्तान की अहम भूमिका

इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान एक महत्वपूर्ण मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पहले ही इन वार्ताओं को मेक या ब्रेक बता चुके हैं।

वार्ता से पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। वहीं ईरानी नेताओं ने भी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से अलग से चर्चा की थी।

युद्धविराम के बाद पहली बड़ी पहल

8 अप्रैल को घोषित युद्धविराम के बाद यह पहली बड़ी कूटनीतिक पहल है, जिसका उद्देश्य संघर्ष को और बढ़ने से रोकना और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखना है। ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने संकेत दिया है कि इस वार्ता का नतीजा काफी हद तक अमेरिका के रुख पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि अगर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ती है तो समझौते की संभावना है, लेकिन अगर रुख सख्त रहा तो टकराव जारी रह सकता है।

क्यों अहम है यह बातचीत

अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से सैन्य और आर्थिक तनाव बना हुआ है। ऐसे में यह डायरेक्ट बातचीत न केवल दोनों देशों के रिश्तों के लिए, बल्कि पूरे पश्चिम एशिया की स्थिरता के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आमने-सामने बातचीत से समाधान की संभावना बढ़ती है, लेकिन दोनों देशों के बीच गहरे मतभेदों को देखते हुए राह अभी भी आसान नहीं है।