
ईरान ने उड़ाया ट्रंप का मजाक (फोटो- Iran Consulate - Hyderabad एक्स पोस्ट)
Us Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों ही देश अपनी बात से पीछे नहीं हट रहे है जिसके चलते मिडिल ईस्ट में एक बार फिर युद्ध के हालात बन गए है। इसी बीच ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक एआई जनरेटेड वीडियो शेयर कर उनका मजाक उड़ाया है। इस वीडियो के आखिर में ईरान ट्रंप को Shut Up यानी चुप रहो कहता सुनाई दे रहा है। हैदराबाद स्थित ईरानी वाणिज्य दूतावास ने यह व्यंग्यात्मक AI वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे ईरान में बड़े स्तर पर देखा और साझा किया जा रहा है।
इस 45 सेकंड के वीडियो में AI के जरिए ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य अधिकारियों को बातचीत की टेबल पर इंतजार करते दिखाया गया है। वीडियो में ट्रंप का कैरिकेचर कहता है कि हम ईरान के साथ बहुत अच्छी बातचीत कर रहे हैं। इसके बाद एक लोकप्रिय कार्टून मीम स्टाइल में समय बीतने का संकेत दिया जाता है, जिससे ट्रंप की निराशा दिखाई जाती है। जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है AI ट्रंप गुस्से में कहते हैं कि अगर ईरान बातचीत के लिए नहीं आया, तो हम उन पर बम गिराएंगे। खाली कुर्सियों को देखकर वह पूछते हैं, तो ईरानी कहां हैं। इसके बाद वीडियो के अंत में एक नोट उन्हें दिया जाता है, जिस पर लिखा होता है, शट अप, ट्रंप।
वीडियो के अंत में ट्रंप कहते हैं, ठीक है, फिर मैं पाकिस्तान के अनुरोध पर सीजफायर बढ़ा देता हूं, और वहां से चले जाते हैं। यह हिस्सा सीधे उस वास्तविक बयान से जुड़ा है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ सीजफायर को अनिश्चित काल के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। ट्रंप के अनुसार, यह फैसला ईरान को एक संयुक्त प्रस्ताव तैयार करने के लिए समय देने के उद्देश्य से लिया गया। हालांकि, इस बयान को लेकर ईरान की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन AI वीडियो के जरिए अप्रत्यक्ष तौर पर ईरान ने इन दावों का खंडन जरूर किया है।
सीजफायर पर बातचीत करते हुए ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा, हमने बातचीत में ईमानदारी और गंभीरता के साथ हिस्सा लिया, लेकिन दूसरी ओर से उदासीनता और भरोसे की कमी दिखाई गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह आगामी शांति वार्ता में हिस्सा लेगा या नहीं। इस घटनाक्रम से यह साफ होता है कि ईरान की तरफ से अभी सीजफायर को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अमेरिकी राष्ट्रपति का ईरान के इस वीडियो पर क्या जवाब रहता है।
Published on:
23 Apr 2026 09:33 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
