
चुनाव आयोग ईवीएम से छेड़छाड़ की शंकाओं को दूर करने के उद्देश्य से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली से लोगों को अवगत कराने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम शनिवार को होगा। इसमें वीवीपीएटी पर भी डेमो होगा। डेमो से आयोग इस बात को साबित करेगा कि इस मशीन के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जा सकती।
डेमो करीब दो घंटे का होगा और इसके अलावा दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव आयोग की एक प्रेस कांफ्रेंस भी आयोजित होगी। ईवीएम को लेकर आप, बसपा समेत कई पार्टियों ने आरोप लगाए थे।
चुनाव आयोग डेमो देने के साथ 'ईवीएम हैकाथॉन' के लिए तारीख की घोषणा भी कर सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने 12 मई को इस मुद्दे पर बुलाई सर्वदलीय बैठक के बाद ईवीएम में गड़बड़ी किए जा सकने के दावे को सही साबित करने की चुनौती देने की घोषणा की थी।
आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों को 29 मई के बाद जून के पहले हफ्ते में कभी भी ईवीएम में गड़बड़ी करने की चुनौती दी जा सकती है। अधिकारी ने बताया कि आयोग की ओर से सभी सात राष्ट्रीय दल और 48 राज्य स्तरीय दलों को खुली चुनौती में हिस्सा लेने के लिए बुलाया जाएगा।
इसके लिए आयोग चुनौती में शामिल होने के इच्छुक दल को हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव के किसी भी मतदान केंद्र की मशीन के साथ छेड़छाड़ करने का ऑप्शन चुनने के लिए एक हफ्ते का समय भी देगा। वहीं, चुनौती स्वीकार करने वाले हर राजनीतिक दल को मशीन में गड़बड़ी करने का अपना दावा सही साबित करने के लिए अलग-अलग मौका दिया जाएगा।
Published on:
20 May 2017, 10:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.