
बारिश के लिए अनोखा प्रदर्शन, भोलेनाथ के गर्भगृह को जलमग्न कर धरने पर बैठे लोग
अबतक आपने सरकार, पुलिस या किसी जिम्मेदार शख्स के खिलाफ लोगों को प्रदर्शन करते देखा या सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि, अपनी मांग मनवाने के लिए लोग भगवान के दर पर ही धरना देकर बैठ गए हों ? आप सोच रहे होंगे, ये कैसे संभव है। लेकिन, ये घटनाक्रम जारी है, मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के एक गाव में। यहां के ग्रामीण इलाके में अच्छी बारिश के टोटके के तौर पर भगवान भोलेनाथ के दरबार में ही धरना देकर बैठ गए हैं।
भोलेनाथ के मंदिर में धरने पर बैठे ग्रामीणों की भगवान से मांग है कि, जब तक वो बारिश नहीं करवाते, तबतक वो इसी तरह मंदिर में धरने पर बैठे रहेंगे और अपने अपने घर नहीं जाएंगे। यही नहीं मंदिर में गाजे-बाजे की धुन पर नाचते हुए आए ग्रामीणों ने मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान इतने ज्यादा पानी से जलाभिषेक किया गया कि, महादेव का गर्भगृह ही पूरी तरह जलमग्न हो गया। अब ग्रामीणों का कहना है कि, जबतक बारिश नहीं होगी, तबतक गर्भगृह से पानी निकाला जाएगा।
जबतक पानी नहीं बरसेगा, तबतक नहीं जाएंगे घर
जिले के ग्राम नेवरी गाता के ग्रामीणों ने गांव में स्थित शिव मंदिर में पास की नदी से जलाभिषेक किया और ग्रामीणों ने महादेव का तबतक जलाभिषेक किया गया, जब तक वो जलमग्न नहीं हो गए। ग्रामीणों ने पूरे मंदिर के गर्भगृह में पानी भर दिया और महादेव को जलमग्न करने के बाद ग्रामीणों ने कहा कि, वो जबतक गर्भगृह से पानी नहीं निकालेंगे, जबतक गांव में बारिश नहीं हो जाती। ग्रामीणों का प्रण है कि, जबतक उनके गांव में बारिश नहीं होगी तब तक वो लोग घर नहीं जाएंगे, तबतक मंदिर में रहकर ही भजन कीर्तन करते रहेंगे।
बारिश न होने से ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों के अनुसार, पूरे इलाके में लंबे समय से बारिश नहीं हो सकी है, जिसकी वजह से उनकी हरी-भरी फसल खराब होने की कगार पर आ गई है। उन्होंने कड़ी मेहनत और कर्ज लेकर फसल बोई थी। लेकिन बारिश की इतनी लंबी खेंच के बाद उनकी फसल अब बर्बाद हो रही है। जिसकी वजह से उनका जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। बारिश होने के बाद ही महाआरती कर मंदिर के गर्भगृह से पानी निकालेंगे जिसके बाद फिर से पूजा पाठ कर महादेव का अभिषेक करेंगे और महा आरती करेंगे।
Published on:
31 Aug 2023 08:05 pm
बड़ी खबरें
View Allअगार मालवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
