
शहर में चोरों का बड़ा गैंग सक्रिय, पुलिस निष्क्रिय
आगरा। ताजनगरी में चोरों का बड़ा गैंग सक्रिय हो गया है। हर रोज चोरी की वारदातें हो रही है। पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। शनिवार को दो स्थानों पर चोरों ने अपने हाथ दिखाकर तीन दुकानों के शटर तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। जब दुकानदारों को इस बात की जानकारी हुई तो वे सन्न रह गए।
चोरी की एक वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। थाना रकाबगंज के बालूगंज स्थित आगरा मोटरसाइकिल शोरूम में एक चोर घुस गया। ये शोरूम अनवर अली का है। जावेद पुत्र अनवर अली ने बताया कि सुबह जब दुकान का शटर टूटा हुआ देखा तो चोरी की घटना की जानकारी हुई। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला शख्स सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से चारों तरफ देखने के बाद एक ही झटके में चोर ने शटर काटकर अंदर प्रवेश किया। चोर शोरूम से नगद के अलावा कुछ पार्टस चुराकर ले गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की है।
एक की मार्केट की तीन दुकानों में लाखों की चोरी
वहीं चोरी की अन्य वारदातें एक ही मोहल्ले में घटित हुईं। रोशन मोहल्ले में शनिवार सुबह कपड़ा कारोबारियों की तीन दुकानों के ताले टूटे मिलने के बाद दुकानदरों में आक्रोश व्याप्त हो गया। कारोबारियों ने पुलिस को खरी-खोटी सुनाते हुए बाजार बंदी ऐलान कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कारोबारियों को समझाने का प्रयास किया। बताया गया है कि रोशन मोहल्ला में मुखियाजी मार्केट में हरेश चंद बंसल की बंसल साड़ी कलेक्शन के नाम से दुकान है। उनका साड़ी का होलसेल का काम है। वहीं अमरनाथ अग्रवाल की राम ट्रेडिंग कंपनी और नरेंद्र कुमार अग्रवाल की संकटमोचन के नाम से कपडे़ की थोक की दुकान है। वह हर रोजाना की तरह शुक्रवार को अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। इस मार्केट में तीन चौकीदार भी रहते हैं। लेकिन, चोरों ने फिर भी मार्केट की तीन दुकानों में सेंधमारी कर दी।
पुलिस की निष्क्रियता पर आक्रोश
दुकानदारों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े किए गए हैं। तीन दुकानों से लाखों रुपये की चोरी हुई है। लेकिन, पुलिस सिर्फ कागजी कार्रवाई पूरी कर पल्ला छाड़ लेती है। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस गश्त नहीं करती जिसके चलते चोरी की वारदातें शहर में लगातार घटित हो रही हैं।
Published on:
4 Aug 2018, 5:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.