
महाकुंभ की आलोचना करने वालों को 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दिया जवाब
Agra Heritage Tourism: आगरा में 18 फरवरी से चल रहे ताज महोत्सव का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और कहा कि आने वाले दिनों में आगरा पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में अपने परम वैभव को प्राप्त करेगा। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष ताज महोत्सव और भी अधिक भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में न केवल आगरा बल्कि पूरे मंडल में असीमित संभावनाएं हैं, जिन्हें धरातल पर लाने के लिए सरकार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली बटेश्वर को एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही। यहां अटल जी की 65 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी और सरकार इसे एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ताजमहल को रात्रि भ्रमण के लिए खोला जाए, ताकि पर्यटक रात में भी इस ऐतिहासिक धरोहर की भव्यता को निहार सकें। आगरा के पर्यटन में सुधार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मंत्री जयवीर सिंह ने हाल ही में संपन्न हुए महाकुंभ 2025 पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग महाकुंभ की आलोचना कर रहे थे, लेकिन 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने इसमें स्नान कर आलोचकों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन था और अब इस पर वैश्विक स्तर पर शोध किया जा रहा है।
इस अवसर पर कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक छोटेलाल वर्मा, विधायक रानी पक्षालिका, एमएलसी विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, महिला आयोग की प्रदेश अध्यक्ष बबीता चौहान, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी शामिल थे। आगरा की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से यह क्षेत्र आने वाले समय में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
Published on:
27 Feb 2025 11:06 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
