
Agra Former Minister Case: लोकसभा चुनाव 2024 के बीच ताजनगरी आगरा में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के नाती की दबंगई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने घटना के बाद फरार चल रहे पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के नाती पर 25 हजार का इनाम घोषित किया है। जबकि पंजाबी समाज ने गुरुवार को आगरा आ रहे पीएम मोदी से मिलकर मामले की शिकायत करने का ऐलान किया है। इससे प्रशासन में खलबली मची है। दरअसल, बीते दिनों आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के ऋषि मार्ग पर पूर्व मंत्री के नाती ने कारोबारी और उसकी पुत्री को कार से कुचलने का प्रयास किया था।
पुलिस ने जूता कारोबारी पिता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पीड़ित का कहना है कि पुलिस घटना के नौ दिन बाद भी आरोपी को नहीं खोज सकी। दूसरी ओर पूर्व मंत्री ने मीडिया के सामने पीड़िता पर ही कई गंभीर आरोप लगा दिए। इससे आक्रोशित पंजाबी समाज ने बैठक कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
तीन दिनों में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा का विरोध करने की चेतावनी भी दी है। पंजाबी समाज ने ऐलान किया है कि गुरुवार को आगरा आ रहे पीएम नरेन्द्र मोदी से भी मिलकर मामले की गंभीरता बताई जाएगी। पंजाबी समाज का कहना है कि पूर्व मंत्री के नाती के डर से कारोबारी की बेटी घर से नहीं निकल पा रही है। पूरा समाज उसके लिए लड़ाई लड़ने को तैयार है।
दरअसल, आगरा निवासी जूता कारोबारी की बेटी लखनऊ के एक अस्पताल में नौकरी करती है। बीते 15 अप्रैल की रात को वह रेलवे स्टेशन से अपनी बेटी को लेकर घर आ रहे थे। इसी पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह के नाती दिव्यांश चौधरी ने पिता-पुत्री पर कार चढ़ाने की कोशिश की थी। इस मामले में जूता कारोबारी की तहरीर पर शाहगंज थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में दिव्यांशी चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन उसे अरेस्ट नहीं किया गया है। दिव्यांश चौधरी पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पूर्व राज्यमंत्री ने उसके समर्थन में प्रेसवार्ता की। इसमें पूर्व मंत्री ने पीड़िता पर ही कई गंभीर आरोप लगा दिए। उन्होंने पीड़िता की निजी तस्वीरें और निजी चैट सार्वजनिक कर दी। इससे पंजाबी समाज में आक्रोश बढ़ गया।
पुलिस के लीपापोती के रवैयै से नाराज पजाबी समाज ने बुधवार को जयपुर हाऊस स्थित महाजन भवन में समाज की बैठक बुलाई। जूता कारोबारी ने समाज के लोगों को बताया कि किस तरह से उनकी बेटी को पूर्व मंत्री का नाती दिव्यांश चौधरी परेशान कर रहा है। उनकी बेटी से उसकी मुलाकात नीट की कोचिंग के दौरान हुई थी उसके बाद से ही वह उसे परेशान करने लगा। रात में उसके रूम में घुसने की कोशिश की। इन सभी मामलों की पुलिस में शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद भी पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने प्रेसवार्ता कर उनकी बेटी के चरित्र पर सवाल उठाए। लड़की की मां ने कहा कि आरोपी दिव्यांश चौधरी बेटी पर शादी के लिए दबाव बन रहा था।
पीड़िता के पिता ने बताया कि आरोपी दिव्यांश चौधरी लखनऊ में भी माफीनामा लिखकर दे चुका है। बैठक में पंजाबी समाज ने आक्रोश व्यक्त किया। चेतावनी दी है कि तीन दिन में दिव्यांश चौधरी को अरेस्ट नहीं किया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा। महाजन सभा के संस्थापक रवि महाजन ने कहा कि हम सालों से भाजपा को सिर्फ दे रहे हैं। भाजपा के कोर वोटर माने जाते हैं। आज हमारी बेटियों की इज्जत पर भाजपा वाले ही हाथ डाल रहे हैं। सीएम योगी कुछ नहीं कर रहे हैं। हम महाजन समाज के अलावा हींग की मंडी की हर दुकान पर भाजपा बॉयकॉट के पोस्टर लगा देंगे।
भाजपा का साथ नहीं देंगे, क्योंकि भाजपा हमारा साथ नहीं दे रही है। पूर्व मंत्री के नाती दिव्यांश चौधरी पर बुधवार देर रात 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। उससे पहले उसकी तलाश में दबिश दी गई। दो थानों का फोर्स उसकी तलाश में लगा है। पुलिस ने उसकी गाड़ी भी नही मिली है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि आरोपित के कोर्ट से गैर जमानती बारंट मिल गए है। तलाश में टीम लगाई गई है।
-आगरा से प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट
संबंधित विषय:
Updated on:
25 Apr 2024 05:17 pm
Published on:
25 Apr 2024 01:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
