
Meet at Agra 2018
आगरा। इंटरनेशनल लैदर, फुटवियर, कम्पोनेन्ट्स एंड टैक्नोलॉजी फेयर मीट एट आगरा का 12 वां संस्करण इस बार सरकार की मदद से एफमेक द्वारा नेशनल हाइवे टू स्थित गांव सींगना में होगा। 26 से 28 अक्टूबर तक होने वाले इस फेयर का शुभारंभ केंद्रीय वा णिज्य व उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु करेंगे। इस फेयर के साथ ही नवनिर्मित आगरा ट्रेड सेंट का भी लोकार्पण होगा।
सबसे बड़ा फेयर
आगरा फुटवियर मेन्यूफेक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर एफमेक के अध्यक्ष व नॉर्थ रीजन के चेयरमैन पूरन डाबर ने बताया कि छह हजार वर्ग मीटर कवर्ड एरिया में यह विशाल फेयर लगाया जा रहा है। मुख्य हॉल में फुटवियर कॉम्पोनेंट व लैदर से संबंधित 190 स्टॉल तथा दूसरे हॉल में तकनीक व मशीनरी से संबंधित 65 स्टॉल समेत कुल 255 स्टॉल प्रदर्शनी में लगेंगे। आगरा, दिल्ली, नोएडा, कानपुर, कलकत्ता, चेन्नई व जालंधर सहित भारत के विभिन्न भागों तथा चाइना, फ्रांस, ब्राजील, स्पेन, ताइवान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश सहित एशियन व यूरोपियन देशों की 200 कंपनियां सहभागिता करेंगी।
ये बोले पूरन डाबर
पूरन डाबर ने कहा कि इस फेयर की अवधारणा आगरा के निर्यातकों के समूह ने अपनी सप्लाई चेन को मजबूती प्रदान करने के लिए की थी। इरादा था, विश्व की नई फुटवियर मशीनरी और कॉम्पोनेंट्स से नियमित अपग्रेड होते रहना। सन् 2007 में शुरुआत से वर्ष 2018 में 12 वें संस्करण में प्रवेश तक मीट एट आगरा दुनिया के प्रमुख लैदर और फुटवियर कंपनियों के कलैण्डर में अहमियत पा चुका है। जूता निर्यातकों के साथ घरेलू निर्माताओं के बीच भी इस फेयर ने मजबूत पकड़ बनाई है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय कंम्पोनेन्ट्स के बिना कोई भी उत्पाद अंतराष्ट्रीय स्केल नहीं पा सकता है।
ये आ रहे अतिथि
संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूरन डाबर ने बताया कि प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री सत्यदेव पचौरी, एससी आयोग के अध्यक्ष व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, मंडलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार, चर्म निर्यात परिषद के चेयरमैन मुख्तारुल अमीन, उपाध्यक्ष पीआर अकील अहमल, कार्यकारी निदेशक आल सेल्वम, कार्यसमिति सदस्य हबीब हुसैन, सेंट्रल लैदर रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. बी चंद्रशेखरन, स्टेट बैंक के सीजीएम आलोक चौधरी के साथ केन्द्र व प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उद्घाटन समारोह में प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।
Published on:
25 Oct 2018 06:14 pm
