
ताजमहल और आगरा किला अब पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे
जी20 सम्मिट के लिए आए मेहमानों के भ्रमण के दौरान आज आगरा किला आम पर्यटकों के लिए बंद नहीं हुआ है। पुरातत्व अधीक्षक राजकुमार पटेल ने इसके लिए आदेश जारी किए हैं। पर्यटक सूर्योदय से सूर्यास्त तक आगरा किला का भ्रमण कर सकेंगे। हालांकि सुरक्षा कारणों से दोपहर 3 बजकर 30 मिनट से ऑफलाइन टिकट विंडो बंद कर दी जायेगी। इस दौरान पर्यटक ऑनलाइन टिकट खरीद कर आगरा किला में प्रवेश कर सकेंगे। इसके साथ ही रविवार को ताजमहल दोपहर 3 बजकर 30 मिनट तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।
बता दें की पूर्व में जी 20 मेहमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर शनिवार 11 फरवरी को आगरा किला और 12 फरवरी को ताजमहल पूरा दिन बंद रखे जाने के निर्देश जारी हुए थे। अब पुरातत्व अधीक्षक राज कुमार पटेल ने प्राचीन स्मारक और पुरातत्व अवशेषों के नियम 5 का हवाला देते हुए अपने पद की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए पुराने आदेश को रद्द कर आगरा किला और ताजमहल को पर्यटकों के लिए खुले रखने के आदेश जारी किए हैं।
लाइट एंड साउंड शो देखेंगे मेहमान
पुरातत्व विभाग द्वारा आगरा किले को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शनिवार शाम जी20 के मेहमान आगरा किला पहुंचेंगे और यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइट एंड साउंड शो देखेंगे।
रविवार को ताजमहल देखेंगे मेहमान
रविवार को जी 20 की बैठक के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद जी 20 के मेहमानों का दल शाम के वक्त ताजमहल का भ्रमण करेंगे। इसके लिए ताजमहल को फूलों से सजाया गया है। पर्यटकों के स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं।
सुप्रीम कोर्ट के यह हैं नियम
ताजमहल सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में है। ताजमहल पर सुप्रीम कोर्ट ने प्रवेश और बंद करने के लिए एडवाइजरी जारी की हुई है। किसी भी देश के राष्ट्रीय अध्यक्ष ,प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के आगमन पर ही ताजमहल को आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाता है। इसके अलावा शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के दिन सिर्फ स्थानीय निवासी अपना आधारकार्ड दिखा कर ताजमहल में प्रवेश कर दोपहर की नमाज अता कर सकते हैं। विदेश के जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को देखते हुए स्मारक बंद रखने का निर्णय लिया गया था।
Published on:
11 Feb 2023 02:17 pm
