30 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Punjab Assembly Elections: पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने किया साफ, 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी भाजपा

Satish Poonia: अहमदाबाद में भाजपा नेता सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने शिरोमणी अकाली दल से गठबंधन की संभावना से इनकार किया।
2 min read
Google source verification
Satish Poonia in Ahmedabad

डॉ. सतीश पूनिया का स्वागत करते राजस्थानी समाज के लोग। फोटो- पत्रिका

Punjab Politics: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने रविवार को स्पष्ट किया कि भाजपा पंजाब में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी। उन्होंने शिरोमणी अकाली दल के साथ गठबंधन की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पूनिया रविवार को अहमदाबाद के शाहीबाग इलाके में स्थित सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक सभागार में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

मन की बात कार्यक्रम के 137वें एपिसोड को सुना

इस दौरान उन्होंने राजस्थान के विभिन्न समाजों के लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 137वें एपिसोड को सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पंजाब की राजनीतिक स्थिति और अन्य मुद्दों पर मीडिया के सवालों के जवाब दिए। शिरोमणी अकाली दल के साथ गठबंधन से जुड़े सवाल पर पूनिया ने कहा कि भाजपा ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय पूरी तरह तय कर लिया है। पंजाब विधानसभा में 117 सीटें हैं और पार्टी इन सभी सीटों पर अपने संगठन और कार्यकर्ताओं की पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की तैयारी करेगी। उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल पर कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी की ओर से एफआइआर दर्ज कराने की मांग पर भी पूनिया ने प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी ने इस घटना को छुआछूत से जोड़ते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों पर आरोप लगाए थे। इस पर पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लंबे समय से जाति, पंथ और मजहब के साथ देश को बांटने की राजनीति करते रहे हैं।

'विरोध किसी व्यक्ति या किसी जाति के खिलाफ नहीं '

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हुआ विरोध किसी व्यक्ति या किसी जाति के खिलाफ नहीं था। यह कांग्रेस के विरोध का कार्यक्रम था। पूनिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कांग्रेस के राजनीतिक अस्तित्व को मजबूत करने के बजाय भारत के संविधान, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और देश की संस्कृति के खिलाफ देश और विदेश में कुप्रचार कर रहे हैं। पूनिया ने कहा कि उत्तराखंड की घटना को अनावश्यक रूप से जातियों के बीच बांटने की कोशिश की जा रही है और वे इसकी निंदा करते हैं।

आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला

उन्होंने वंदे मातरम् के विरोध को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि ऐसे मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका देश की भावनाओं से जुड़ी है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए पूनिया ने कहा कि पार्टी लंबे समय तक दिल्ली की सत्ता में रही, लेकिन इस बार दिल्ली की जनता ने उसे नकार दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता नशे और बेरोजगारी की समस्या से परेशान है। पंजाब देश के सबसे ज्यादा कर्जदार राज्यों में शामिल है और वहां कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब है। इन परिस्थितियों के लिए उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार बताया। पूनिया ने गुजरात और राजस्थान के संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुजरात और राजस्थान के बीच भाईचारे का पुराना रिश्ता है।