
हर दिन करीब एक हजार पर्यटक आते हैं गांधी आश्रम
अहमदाबाद. 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 जयंती है, ऐसेे में इतने वर्षों बाद भी उनकी प्रासंगिकता बनी हुई है। इतना ही नहीं, बापू के जीवन आदर्श और उनसे सीख को लेकर देश के साथ-साथ दुनिया में उनके प्रशंसक बढ़ते जा रहे हैं। बापू की आजादी की लड़ाई के लिए मुख्य केन्द्र रहे अहमदाबाद के गांधी आश्रम में आने वाले पर्यटकों की संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि होती जा रही है।
साबरमती आश्रम प्रिजर्वेशन एंड मेमोरियल ट्रस्ट के प्रशासक अतुल पंडया के मुताबिक प्रतिदिन यहां एक हजार से ज्यादा लोग घूमने आते हैं। सितम्बर से मार्च के दौरान यह संख्या प्रतिदिन 3 हजार तक हो जाती है। इस दौरान नवरात्रि, दीपावली के साथ-साथ अन्य अवकाश होते हैं। इन लोगों में स्कूली बच्चों की संख्या ज्यादा होती है। कई स्कूल बस लेकर अपने बच्चों को यहां घूमने लाते हैं।
पंड्या यह भी बताते हैं कि वैसे तो सही आंकड़े बताना मुश्किल है क्योंकि गांधी आश्रम आने वालों के लिए कोई टिकट नहीं लिया जाता है। यहां पर आना पूरी तरह नि:शुल्क है। ऐसे में यहां पर आने वाले लोगों की सही संख्या का पता नहीं चल पाता। यहां पर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से लोग आते हैं।
पंड्या ने यह भी कहा कि प्रति वर्ष करीब 10 लाख लोग गांधी आश्रम घूमने आते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि देश में बापू की 150वीं जयंती पूरे वर्ष आयोजित होनी है। इसलिए अगले एक वर्ष इस संख्या में और इजाफा हो सकता है।
भारत की आजादी के केन्द्र स्थल रहे गांधी आश्रम में दक्षिण अफ्रीका के दिवंगत राष्ट्रपति व बापू के आदर्शों पर चलने वाले नेल्सन मंडेला, अमरीका के सामाजिक क्रांति के जनक मार्टिन लूथर किंग जूनियर, अमरीका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, चीन के राष्ट्रपति शी जिन पिंग, इजरायल के प्रधामंत्री बेन्यामिन नेतान्याहू, जापानी प्रधानमंत्री व भूटान की रानी सहित देश के कई प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित कई जानी मानी हस्तियां आ चुकी हैं। इतना ही नहीं, यहां पर वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी आ चुके हैं।
Published on:
02 Oct 2018 05:50 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
