हिम्मतनगर. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम चेक पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का निधन हो गया। साबरकांठा जिले की हिम्मतनगर तहसील के कांणियोल गांव में बुधवार को अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़े।
जानकारी के मुताबिक हिम्मतनगर तहसील के कांणियोल गांव के मूल निवासी विष्णु प्रजापति (53) कुछ साल पहले सीआरपीएफ में शामिल हुए थे। वे जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में चेक पोस्ट पर बतौर एएसआई ड्यूटी पर तैनात थे। उस समय मंगलवार को उन्हें सीने में अचानक दर्द महसूस हुआ। उन्हें तुरंत जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद सीआरपीएफ के अधिकारियों के मार्गदर्शन में बुधवार को सुरक्षा के साथ उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कांणियोल लाया गया। पुलिस ने जब कोफिन में रखे शव को वाहन से बाहर निकाला तो परिजनों ने कंधा दिया। इस बीच, खबर सुनकर गांव के लोग एकत्र हुए और देश की रक्षा करते हुए जान गंवाने वाले विष्णु के शव को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। विष्णु की अंतिम यात्रा में हिम्मतनगर के विधायक वी डी झाला, गांव के नेता और प्रियजन शामिल हुए। श्मशान गृह में गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।