25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जीएसआईआरएफ रैंकिंग में जीटीयू अव्वल

जीयू को चौथा स्थान, एसपी दूसरे और सौराष्ट्र तीसरे पर  
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

nagendra singh rathore

•

Updated: 27 Feb 2019, 11:17 PM IST

GTU

जीएसआईआरएफ रैंकिंग में जीटीयू अव्वल

अहमदाबाद. मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) के नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की तर्ज पर गुजरात सरकार ने भी राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए गुजरात राज्य इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (जीएसआईआरएफ) की बुधवार को गांधीनगर में घोषणा की।
विश्वविद्यालयों की श्रेणी में गुजरात तकनीकी विश्वविद्याल (जीटीयू) ने पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि कॉलेज की श्रेणी में सेंट जेवियर्स अहमदाबाद, इंजीनियरिंग कॉलेजों में सी.एस.पटेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, फार्मेसी कॉलेज में एल.एम.कॉलेज ऑफ फार्मेसी पहले स्थान पर रहीं।
गुजरात के शिक्षा विभाग, नॉलेज कंसोर्टियम ऑफ गुजरात (केसीजी) के साथ-साथ आईकेयर की ओर से 13 अलग अलग मानदंडों पर परखने के बाद इस रैंकिंग को जारी किया गया है। जिसमें विद्यार्थियों की संख्या, विद्यार्थी-प्राध्यापक रेशियो, पीएचडी धारक प्राध्यापकों की संख्या, वित्तीय स्थिति एवं उसके उपयोग की स्थिति, रिसर्च प्रोजेक्ट, लेख, पुस्तकों के प्रकाशन की संख्या उसकी गुणवत्ता, परीक्षा शामिल है।
इस रैंकिंग में राज्य की 21 सरकारी, अनुदानित और निजी यूनिवर्सिटियों ने, 55 कॉलेजों ने शिरकत की, जिसमें से टॉप-20 यूनिवर्सिटियों, कॉलेज श्रेणी में ४६ संस्थानों, इंजीनियरिंग कॉलेज श्रेणी में सात कॉलेज, फार्मेसी में दो एवं लॉ में एक संस्था की रैंकिंग घोषित की गई।
विश्वविद्यालयों में ९० में से ६१.४७ स्कोर, ५ में से ३.५९ सीजीपीए और ५ स्टार में से चार स्टार के साथ जीटीयू अव्वल रही। जबकि गुजरात यूनिवर्सिटी ६०.७३ स्कोर, ३.५५ सीजीपीए, ४ स्टार के साथ चौथे स्थान पर रही। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ६१.२९ स्कोर, ३.५८ सीजीपीए और चार स्टार के साथ दूसरे स्थान पर जबकि सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी ६०.९४ स्कोर, ३.५६ सीजीपीए और चार स्टार के साथ तीसरे स्थान पर रही।
विश्वविद्यालयों में पांच में से चार स्टार प्राप्त करने वाले 11 विश्वविद्यालयों में चार सरकारी, चार सरकारी सेक्टरल यूनिवर्सिटी जबकि तीन प्राइवेट यूनिवर्सिटी हैं। चार स्टार के साथ डीएआईसीटीई को आठवां, निरमा विवि को पांचवां, जीएफएसयू को नौंवा, वीर नर्मद दक्षिण गुजरात यूनिवर्सिटी को तीन स्टार के साथ15वां स्थान मिला है। पीडीपीयू को तीन स्टार के साथ 12वां स्थान मिला है। एमएसयू को भी तीन स्टार के साथ 11वां स्थान मिला।
रिसर्च में भी देश में अग्रसर बनें राज्य के विवि: चुड़ास्मा
शिक्षामंत्री भूपेन्द्र सिंह चुड़ास्मा ने जीएसआईआरएफ रैंकिंग को जारी करने के दौरान कहा कि स्टार्टअप की तरह ही लर्निंग, टीचिंग और रिसर्च में भी गुजरात के विश्वविद्यालय देश में अग्रणी बनें इस उद्देश्य से यह रैंकिंग जारी की गई है। ताकि यह पता चल सके कि विश्वविद्यालयों को किस क्षेत्र में और ज्यादा काम करने और ध्यान देेने की जरूरत है।