
अहमदाबाद के गोता क्षेत्र में बारिश के चलते भरा पानी।
Ahmedabad news: गुजरात में करीब सवा महीने के विराम के बाद रविवार को लगातार दूसरे दिन भी मानसून मेहरबान रहा। रविवार को राज्य की 200 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। कई तहसीलों में एक इंच या उससे अधिक बारिश हुई। इससे पहले शनिवार सुबह 6 से रविवार सुबह 6 बजे तक 24 घंटे में 193 तहसीलों में बारिश हुई, जिनमें 59 तहसीलों में एक इंच से अधिक पानी बरसा।
तापी जिले की उकाई तहसील में सबसे अधिक 12 इंच के करीब बारिश हुई।मौसम विभाग के अनुसार गुजरात क्षेत्र में मानसून सक्रिय है। दक्षिण गुजरात में भारी से अति भारी बारिश और सौराष्ट्र में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है। कच्छ में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है। रविवार को बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उत्तर गुजरात की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है।
रविवार सुबह 6 से शाम 6 बजे तक सबसे अधिक बारिश वलसाड जिले की कपराड़ा तहसील में 3.35 इंच दर्ज की गई। इसके बाद बोटाद की बरवाला में 3.27, नवसारी की वांसदा और वलसाड की धरमपुर में 3.19, सूरत की अंबिका में 2.60 और वलसाड की नानापोंढा में 2.52 इंच बारिश हुई। नर्मदा की गरुडेश्वर में 2.48, दाहोद में 2.32, खेड़ा में 2.28 और वलसाड की वापी में 2.17 इंच बारिश दर्ज की गई। दक्षिण गुजरात के साथ मध्य और उत्तर गुजरात के कई हिस्सों में भी पानी बरसा। अहमदाबाद जिले की धंधुका तहसील में 1.93 इंच, दस्क्रोई में 1.61 और अहमदाबाद शहर में 1.34 इंच बारिश दर्ज हुई। राज्य में लगातार दूसरे दिन व्यापक बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।
इससे पूर्व 24 घंटे में उकाई के बाद सूरत की उमरपाड़ा में 8.35, डांग की सुबीर में 5.71, वघई में 5.67, तापी की सोनगढ़ में 5.51, सूरत की चोर्यासी में 4.41 और डांग-अहवा में 4.37 इंच बारिश हुई। नर्मदा की डेडियापाड़ा में 4.25 इंच, उच्छल में 3.98, भरूच के अंकलेश्वर में 3.35 और भावनगर की घोघा में 3.23 इंच बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दक्षिण गुजरात के भरूच, सूरत, नवसारी और वलसाड में अत्यंत भारी बारिश की आशंका है। विभाग ने इन चार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी के तहत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, नर्मदा, तापी, डांग, अमरेली, भावनगर, बोटाद सहित अन्य जिले शामिल हैं। इसके अलावा 16 जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट रहेगा।
मंगलवार को दक्षिण गुजरात के भरूच, सूरत और नवसारी तथा सौराष्ट्र के जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, द्वारका और गिर सोमनाथ में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। यानी 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अहमदाबाद, आणंद, नर्मदा, तापी, डांग, वलसाड समेत 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद बुधवार को बारिश का जोर सौराष्ट्र की ओर रहने की संभावना है। राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़ और द्वारका में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
Updated on:
13 Sept 2026 09:18 pm
Published on:
13 Sept 2026 09:18 pm
