30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jamnagar Murder: ‘शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देता था पति’, पत्नी के आरोप के बीच 2 साल पुरानी हत्या का खुलासा

Husband Murder Case: जामनगर में दो साल से लापता युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार पत्नी ने पुलिस पूछताछ में पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
2 min read
Google source verification
Husband Murder Case

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

जामनगर। शहर से लापता युवक जिग्नेश मावड़िया की हत्या के दो साल बाद शहर के जीआइडीसी इलाके में शिवम पार्क में एक फैक्ट्री के पास 12 फीट गहरे गड्ढे में अवशेष मिले। पुलिस ने मृतक की पत्नी पृथ्वी उर्फ भूमि मावड़िया, उसके प्रेमी नीलेश कचेटिया और बलवीर वर्मा को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक जिग्नेश मावड़िया और उसकी पत्नी पृथ्वी के बीच लंबे समय से पारिवारिक झगड़ा चल रहा था।

प्रेमी संग मिलकर साजिश रची

पुलिस के मुताबिक, महिला का आरोप है कि उसका पति उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी दौरान महिला की मुलाकात नीलेश से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जांच में पता चला कि दोनों ने जिग्नेश की हत्या की साजिश रची थी। नीलेश ने जिग्नेश को पार्टी के बहाने अपनी फैक्ट्री में बुलाया था। वहां शराब में विषाक्त मिलाकर पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने एक और व्यक्ति की मदद से फैक्ट्री के अंदर करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा और शव को दबा दिया। पुलिस का कहना है कि सबूत मिटाने की यह कोशिश दो साल से कामयाब हो रही थी।

अवशेष को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा

पुलिस ने गड्ढे में मिले मानव कंकाल और अवशेष को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिग्नेश और पत्नी पिछले सात साल से अलग रह रहे थे और उनकी तीन बेटियां हैं। मृतक के भाई अशोक मावडिया ने बताया कि परिवार पिछले दो साल से जिग्नेश के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा था। हर बार उन्हें यही कहा जाता था कि वह ऑस्ट्रेलिया में है। परिवार ने कई बार उससे बात कराने और उसका मोबाइल नंबर देने की मांग की, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

ऐसे खुला राज

जब लगातार टालमटोल होने लगी तो परिवार ने साफ कर दिया कि यदि जिग्नेश से संपर्क नहीं कराया गया तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष ने अशोक मावडिया को घर बुलाया और जिग्नेश की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। यह सुनते ही परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।