
मृतका सोनम। फोटो (X- @kscChouhan)
गांधीधाम। गुजरात के गांधीधाम में एक महिला की कथित तौर पर पति की पिटाई से मौत होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार साल 2011 में सोनम नाम की युवती ने प्रेम संबंध के बाद सुल्तान जुसब सुमरा से विवाह किया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और उसके परिवार ने महिला के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बीती रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में सुल्तान सुमरा ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में महिला का हाथ पिटाई के चलते नीला और सूजा हुआ दिख रहा था।
घटना के बाद गांधीधाम और कच्छ के कुछ हिंदू संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। योगी देवनाथ बापू ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है। गांधीधाम ए-डिवीजन थाना पुलिस ने आरोपी सुल्तान जुसब सुमरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका सोनम सुनार मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थी। वह अपने परिवार के साथ रोजगार की तलाश में गुजरात के कच्छ आई थी।
साल 2011 में उसकी मुलाकात सुल्तान सुमरा से हुई और दोनों ने विवाह कर लिया। शिकायत के मुताबिक शादी के बाद आरोपी पत्नी पर उसके मायके वालों से संबंध खत्म करने का दबाव बनाता था। घटना की जानकारी मिलने पर सोनम के भाई ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पूर्व कच्छ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुल्तान सुमरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Updated on:
19 Jul 2026 05:02 pm
Published on:
19 Jul 2026 04:52 pm
