
अस्पताल में उपचाररत बीमार हुए मरीज। फोटो पत्रिका
Ajmer Food Poisoning : अजमेर जिले के मेवदाकलां क्षेत्र के कन्नौज गांव में सामूहिक भोज के दौरान विषाक्त भोजन खाने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। रात्रि जागरण के बाद आयोजित भोज में शामिल हुए 100 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए। महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजन बीमार लोगों को अस्पतालों की ओर लेकर दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार गांव में गुरुवार रात धार्मिक जागरण आयोजित किया गया था। जागरण में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इसके बाद शुक्रवार सुबह सामूहिक भोज रखा गया, जिसमें लोगों को लड्डू, बाटी और छाछ परोसी गई । भोज समाप्त होने के कुछ देर बाद ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी । शुरुआत में कुछ लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, लेकिन थोड़ी ही देर में बीमारों की संख्या तेजी से बढ़ गई।
घटना की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। कई लोग बेहोशी और घबराहट की हालत में नजर आए। परिजन और ग्रामीण निजी वाहनों तथा एंबुलेंस की मदद से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए। बड़ी संख्या में मरीजों को बघेरा, जूनिया और केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया ।
एक साथ इतने मरीज पहुंचने से अस्पतालों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों और नर्सिंग कर्मचारियों को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ीं । अस्पताल प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त बेड और उपचार की व्यवस्था कर मरीजों का इलाज शुरू किया। कई मरीजों की हालत बिगड़ने पर उन्हें निगरानी में रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और भोजन में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों की जानकारी जुटाई । प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने भोजन के नमूने जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है । फिलहाल अधिकांश मरीजों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है । प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
Updated on:
22 May 2026 07:25 pm
Published on:
22 May 2026 07:20 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
