
photo: patrika
Ajmer Crime Update: अजमेर के नया बाजार में सर्राफा बाजार स्थित लालवानी जेम्स एंड ज्वैलर्स से करीब 5 लाख रुपए की सोने की चेन चोरी की वारदात का सदर कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह की महिला सदस्य को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया है। उससे चोरी की दोनों सोने की चेन बरामद कर ली हैं। पुलिस को वारदात में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वृत्ताधिकारी(नॉर्थ) शिवम जोशी ने बताया कि मामले में ग्वालियर, बहोड़ापुर, शीलनगर निवासी मनोरमा राजौरिया उर्फ कंचन(50) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दोनों सोने की चेन बरामद कर ली गईं।
गत 30 मई को अजमेर के नया बाजार में लालवानी जेम्स एंड ज्वैलर्स शोरूम पर दो महिलाएं व एक पुरुष ग्राहक बनकर आए। सोने की चेन देखने के बहाने शोरूम के कर्मचारियों का ध्यान भटका दिया और मौका पाकर दो सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। स्टॉक मिलान में 27.060 ग्राम वजन की दो चेन गायब मिलीं। शोरूम संचालक विकास ललवानी की रिपोर्ट पर सदर कोतवाली थाने में चोरी का मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू की।
सीओ जोशी ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब तीन घंटे के भीतर आरोपियों के वाहन और उनके भागने के रूट की पहचान कर ली गई। इसके बाद तकनीकी साक्ष्य व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।
सीओ जोशी ने बताया कि विशेष टीम ने आरोपी गिरोह का करीब 900 किलोमीटर तक पीछा किया। पुलिसकर्मी 4 दिन तक ग्वालियर में फेरी वाले का छद्म वेश में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। आखिरकार मनोरमा राजौरिया को बहोड़ापुर क्षेत्र से दस्तयाब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस पड़ताल मे सामने आया कि गिरोह की महिलाएं व पुरुष समूह बनाकर सर्राफा बाजारों की रेकी करते है। फिर ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश करते थे। गिरोह के सदस्य दुकानदार व कर्मचारियों को बातचीत में उलझाते है, जबकि दूसरा सदस्य काउन्टर पर रखे आभूषण चोरी कर छिपा लेता है। इसके बाद में सामान महंगा बताकर खरीदने से इनकार करते हुए दुकान से निकल जाते है।
सीओ जोशी ने बताया कि वारदात के खुलासे में कोतवाली थानाप्रभारी अनिल देव के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम में एएसआई शिवलाल, सिपाही राजेन्द्र, गोरधन, दिनेशकुमार, गिर्राज, महिला कांस्टेबल प्रेम मीणा, अभय कमांड के सिपाही भीमराज व चालक विनोद कुमार शामिल थे।
Updated on:
08 Jun 2026 07:10 am
Published on:
08 Jun 2026 07:10 am
