2 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ajmer: हुक्का-बार में ASI का हंगामा, मीडिया से बोला- लॉरेंस बिश्नोई की तरह फोटो आनी चाहिए, SP ने किया सस्पेंड

हुक्का-बार पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक एएसआई का हंगामा करना उस पर भारी पड़ गया। शांतिभंग में गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसे तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

2 min read
Google source verification
Ajmer Crime News

एएसआई को एडीएम सिटी कोर्ट में पेशी के लिए जाते हुए। फोटो- पत्रिका

अजमेर। हुक्का बार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) का आचरण सवालों के घेरे में आ गया। गंज थाना पुलिस ने हुक्का बार पर छापा मारकर संचालक को गिरफ्तार किया, वहीं पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने और हंगामा करने के आरोप में संचालक के पिता तथा पुलिस लाइन में तैनात एएसआई अनिल जाखड़ को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

यह वीडियो भी देखें

वृत्ताधिकारी (दरगाह) लक्ष्मणराम चौधरी के नेतृत्व में सोमवार देर रात गंज थाना पुलिस ने बोराज रोड स्थित धानुका गार्डन के पास संचालित सीएनसी कैफे पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर कई युवक हुक्का पीते मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार हुक्के, चार चिलम सहित अन्य सामग्री जब्त की। जांच में सामने आया कि कैफे में मौजूद 19 वर्षीय जतिन जाखड़ बिना किसी लाइसेंस के ग्राहकों को फ्लेवर्ड हुक्के उपलब्ध करवा रहा था। पुलिस ने राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध एवं अधूम्रपायी व्यक्तियों के स्वास्थ्य संरक्षण अधिनियम-2000 की धारा 9/11 के तहत प्रकरण दर्ज कर 10 जनों के खिलाफ कोटपा एक्ट में कार्रवाई की।

एएसआई पिता ने किया विरोध

पुलिस कार्रवाई के दौरान कैफे संचालक का पिता तथा अजमेर पुलिस लाइन में तैनात एएसआई अनिल जाखड़ भी मौके पर मौजूद था। पुलिस के अनुसार वह कार्रवाई का विरोध करते हुए आपा खो बैठा और हंगामा करने लगा। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मानने पर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अनिल जाखड़ और उसके बेटे को एडीएम सिटी कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जमानत मिल गई।

एसपी ने तत्काल किया निलंबित

प्रकरण में पुलिस लाइन में तैनात एएसआई अनिल जाखड़ को एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने एएसआई की भूमिका को प्रथम दृष्टया अनुचित माना है। मामले की विभागीय जांच एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ कर रहे हैं।

लॉरेंस की तरह आनी चाहिए फोटो

मंगलवार दोपहर एडीएम सिटी कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय भी एएसआई अनिल जाखड़ का व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा। उसने मीडिया कर्मियों से कहा, “अच्छे से फोटो लीजिए, लॉरेंस बिश्नोई की तरह फोटो आनी चाहिए।” इतना ही नहीं, पुलिस वाहन तक ले जाते समय वह पुलिसकर्मियों के कंधे पर हाथ रखकर चलता नजर आया। इससे पहले थाने से निकलते समय वह फोटो खिंचवाने से बचता दिखाई दिया, लेकिन एडीएम सिटी कार्यालय के बाहर उसका अंदाज बेबाक नजर आया।

इनका कहना है

गंज थाना पुलिस ने सोमवार देर रात हुक्का बार पर दबिश देकर संचालक समेत 10 जनों के खिलाफ कोटपा एक्ट में कार्रवाई की है। हंगामा कर रहे एएसआई को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। एएसआई के कृत्य को गंभीर मानते हुए उसे निलंबित किया गया है। उसके आचरण की विभागीय जांच कराई जा रही है।

  • हर्षवर्धन अग्रवाला, पुलिस अधीक्षक, अजमेर