
कहासुनी के दौरान हुई खींचतान का फोटो: पत्रिका
प्रेम विवाह करने वाले एक जोड़े और उनके परिजन के बीच अजमेर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्ष के आमने-सामने आने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पुलिस लाइन का जाप्ता मौके पर पहुंचा। बाद में सिविल लाइंस थाना पुलिस प्रेमी-प्रेमिका को अपने साथ ले गई जहां परिजनों के खिलाफ पाबंद करने की कार्रवाई की गई। युवती ने स्पष्ट रूप से अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। उसने कहा, 'मैंने शादी कर ली है और मैं अपने पति के साथ ही रहूंगी।' युवती ने पुलिस अधिकारियों से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की और कहा कि वह अपनी मर्जी से विवाह कर चुकी है तथा अब किसी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं करेगी।
पुलिस के अनुसार आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी युवती और हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के कोटड़ा निवासी युवक की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम हो गया। परिजनों की सहमति नहीं मिलने पर युवक-युवती ने आर्य समाज में विवाह किया और इसके बाद अजमेर से उदयपुर पहुंच गए। बताया गया कि वहां युवक पिछले 8 दिनों से होटल में काम कर रहा था। दोनों का कहना है कि वे बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह किया है। विवाह के बाद संभावित विवाद को देखते हुए उन्होंने पुलिस से सुरक्षा लेने का निर्णय लिया।
इधर युवती के परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। शुक्रवार को प्रेमी-प्रेमिका अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाने पहुंचा। इसकी जानकारी मिलने पर दोनों परिवार भी एसपी कार्यालय पहुंच गए। एसपी कार्यालय के कक्ष संख्या 5 के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान कहासुनी बढ़ने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस लाइन का जाप्ता मौके पर बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद प्रेमी युगल को सिविल लाइंस थाना ले गए और उनके बयान दर्ज किए। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को कानून व्यवस्था का पालन करने की हिदायत दी।
Updated on:
31 Jul 2026 11:13 am
Published on:
31 Jul 2026 11:06 am
