4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

COVID-19 चेम्बर से निकले कलक्टर, किया कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र का पहला दौरा

लॉकडाउन में पहली बार प्रशासनिक काफिले के साथ निकले जिला कलक्टर शर्मा, सोशल डिस्टेंसिंग रखने और सड़क, दुकानों के बाहर सेनिटाइज करने के दिए निर्देश
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Manish Singh

Apr 12, 2020

COVID-19 चेम्बर से निकले कलक्टर, किया कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र का पहला दौरा

COVID-19 चेम्बर से निकले कलक्टर, किया कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र का पहला दौरा

अजमेर. लॉकडाउन के 17 वें दिन शनिवार शाम को जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा ने प्रशासनिक लावाजमे के साथ पहली बार कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र का दौरा किया। कलक्टर के औपचारिक दौरे में प्रशासनिक अधिकारी कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी देते नजर आए। जबकि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दरगाह व कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में गंदी नालियों में ब्लीचिंग पाउडर डालने, बंद दुकान, मकानों के बाहरी हिस्से व सड़क को सेनिटाइज करने के निर्देश दिए। करीब 1 घंटे के दौरे में उन्होंने दरगाह निजामगेट, मदारगेट, डिग्गी चौक, क्लॉक टावर थाना क्षेत्र व नसीराबाद रोड स्थित रेलवे म्यूजियम में ठहराए गए खानाबदोशों की हालत का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त कलक्टर (प्रथम) कैलाशचंद शर्मा, अतिरिक्त कलक्टर (द्वितीय) हीरालाल मीणा, अजमेर विकास प्राधिकरण सचिव किशोर कुमार, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के उपमहानिरीक्षक भगवतसिंह राठौड़ और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ के.के. सोनी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।


यूं चला कलक्टर का काफिला
शाम 5.20 बजे-दरगाह निजाम गेट पहुंचे। यहां निजाम गेट के सामने दुकान के बाहर की गंदगी देखकर ब्लीचिंग पाउडर व सोशल डिस्टेंसिंग की नसीहत।

शाम 5.26 बजे-नला बाजार होते हुए मदार गेट पहुंचे। यहां अधिकारियों को दुकानों के बाहरी शटर, दरवाजे व सड़क को सेनिटाइज करने की नसीहत।
शाम 5.33 बजे-पड़ाव, प्लाजा सिनेमा रोड होते हुए डिग्गी चौक पहुंचे। यहां अफसरों और सीएमएचओ से चर्चा। अजमेर से प्रशासनिक अनुमति लेकर जाने वाले व लौटने वालों की स्क्रीनिंग समेत कई मुद्दों पर चर्चा कर निर्देश दिए।

शाम 5.55 बजे-ट्राम-वे स्टेशन, चांद बावड़ी, ऊसरी गेट, डिग्गी चौक, प्लाजा सिनेमा रोड, पड़ाव होते हुए क्लॉक टावर थाने के बाहर पहुंचे। यहां थानाप्रभारी सूर्यभानसिंह ने प्रशासन की ओर से वाहनों को दी जा रही अनुमति में रही खामियों को गिनाया। जिसको प्रशासनिक अधिकारियों ने ठीक मानते हुए दुपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन नम्बर भी लिखाने की बात को सही ठहराया।
शाम 6.03 बजे-क्लॉक टावर से स्टेशन रोड, मार्टिंडल ब्रिज होते हुए रेलवे म्यूजियम पहुंचे। यहां पर ठहराए 149 खानाबदोशों के रहने व खाने के हालात की जानकारी ली। खानाबदोश से खाना व उसकी क्वलिटी की जानकारी के बाद काफिला कलक्ट्रेट लौटा।

बेटे के दिल में छेद, नहीं है खाना
डिग्गी चौक पर प्रशासनिक अमला देख एक महिला घर से बाहर आ गई। डीएसओ हीरालाल मीणा ने उससे बात की तो उसने बताया कि उसके बेटे के दिल में छेद है। भाई के कहने पर वह अजमेर आ गई लेकिन यहां भी काम छूटने के बाद दाने-दाने को मोहताज हो गई। हालांकि डीएसओ मीणा ने उसकी खाद्य समस्या के निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को उसका नम्बर और पता देकर आपूर्ति के निर्देश दिए।

छतों से झांकते रहे लोग

कलक्टर के काफिले के डिग्गी चौक पहुंचते ही आसपास के क्षेत्रवासी मकानों की छत पर चढ़ गए। कुछ लोग घरों से बाहर भी निकले, लेकिन लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंसिंग का हवाला देकर कलक्टर ने ही उन्हें अन्दर जाने के लिए कह दिया। यहां काफी देर तक चर्चा के बाद वे काफिले के साथ बढ़ गए।