
rape case
अजमेर
तेरह साल की मासूम से बीए द्वितीय वर्ष का छात्र छह माह तक देहशोषण करता रहा। मासूम बालिका के परिजन ने हिम्मत दिखाई तो रामगंज थाना पुलिस ने आरोपित छात्र को दबोच लिया। पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार गोविन्दनगर निवासी बालिका के परिजन ने सोमवार शाम को शिकायत दी।
थानाप्रभारी अजयकांत रतूड़ी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीडि़ता और उसके परिजन को राहत दी। महिला सब इंस्पेक्टर ने बालिका के बयान दर्ज किए। इसमें सामने आया कि ब्यावर रानीसागर हाल रामगंज गोविन्द नगर के सामने वाली गली में रहने वाले छात्र नेपाल सिंह उर्फ जयसिंह रावत (21) छह माह से झांसे में लेकर उसका देहशोषण कर रहा था। पीडि़ता को रविवार को पेट दर्द होने पर उसने मां को आप-बीती सुनाई। परिजन ने रामगंज थाने में शिकायत दी। इस पर पुलिस ने आरोपित नेपाल सिंह उर्फ जयसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
भागने की फिराक में था आरोपित
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपित ने भागने का प्रयास किया। सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह, विजय कुमार, हैड कांस्टेबल पवन कुमार, सिपाही योगेश व महिला कांस्टेबल सरोज ने उसे सुभाष नगर चुंगी से गिरफ्तार किया। आरोपित यहां से बस में बैठ गांव भागने की फिराक में था।
आरोपित द्वितीय वर्ष का छात्र
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि नेपाल सिंह सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। वह रामगंज क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई व कॉम्पटिशन की तैयारी कर रहा है जबकि पीडि़ता 8वीं की छात्रा है। आरोपित स्कूल जाने के दौरान पीडि़ता को झांसे में लेकर अपने कमरे पर ले गया। इसके बाद आरोपित छह माह तक उसका देहशोषण करता रहा।
माता-पिता दिखाएं हिम्मत
थानाप्रभारी रतूड़ी ने बताया कि बालिकाओं के साथ होने वाले अत्याचार के मामले में माता-पिता और रिश्तेदार को सजगता व हिम्मत दिखाने की जरूरत है। परिजन ऐसे मामले में डरें, सहमें नहीं बल्कि मासूम को हिम्मत देते हुए पुलिस को शिकायत करें। पुलिस भी अपराध की गंभीरता को देखते हुए गोपनियता के साथ आरोपित तक पहुंचने की कार्रवाई करेगी।
Published on:
03 Jul 2018 09:30 am
