
इस बात पर भडक़े कांग्रेसियों ने मचाया हंगामा बोले भाजपा कर रही सांसद रघु शर्मा की उपेक्षा
अजमेर. सांसद डॉ. रघु शर्मा की लगातार उपेक्षा को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को भाजपा पर हमला बोला। कांग्रेसियों ने मुख्य डाक घर में आयोजित इंडिया पोस्ट पेंमेट्स बैंकिंग योजना के उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व मंच पर जबरदस्त नारेबाजी व प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि केन्द्र व राज्य सरकार के कार्यक्रमों में सांसद शर्मा को तवज्जो नहीं दी जा रही। कार्यक्रमों में उन्हें औपचारिक बुलावे दिए जाते हैं।
कांग्रेस ने भाजपा की इस नकारात्मक सोच की कड़ी निंदा की है। कांग्रेसियों के तेवर देख कर पुलिस व प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। गनीमत रही कि केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के कार्यक्रम में पहुंचने के कुछ देर पहले ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने समझाइश की व कार्यक्रम स्थल से बाहर ले आए।
बाद में कांग्रेसियों ने पोस्टमास्टर जनरल को ज्ञापन सौंपा। वहीं दूसरीओर डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक एस. डी. शर्मा ने बताया कि सांसद रघु शर्मा को विधिवत बुलाया था व मेल के जरिए सूचित भी किया था। इसमें बताया गया कि डॉ. शर्मा ने कार्यक्रम दिवस पर व्यस्त होने का भी जवाब डाक विभाग को दिया है।
Published on:
02 Sept 2018 01:15 pm
