
change in academics
रक्तिम तिवारी/अजमेर.
साल 2020 में एग्जाम से एडमिशन तक सबकुछ बदल जाएगा। देश के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जबकि सीबीएसई में 1 अप्रेल और सरकारी-निजी यूनिवर्सिटी-कॉलेज में 1 जुलाई और राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों में सरकारी स्कूल का सेशन 1 मई से शुरू नहीं हुआ है। अब प्रवेश, परीक्षा और सेशन अगस्त-सितंबर तक जाते दिख रहे हैं।
कोरोना लॉकडाउन ने शैक्षिक संस्थानों पर सबसे ज्यादा असर डाला है। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थियों की वार्षिक-सेमेस्टर परीक्षाएं मार्च में ही स्थगित हो गई। सीबीएसई से जुड़े स्कूल में1 अप्रेल से नया सत्र शुरू नहीं हो सका। केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय और निजी-पब्लिक स्कूल में नए प्रवेश भी नहीं हुए।
अगस्त-सितंबर से नया सत्र
विश्वविद्यालय-कॉलेज भी कोरोना संक्रमण से प्रभावित हुए हैं। यूजीसी की विशेष समिति ने देश के सभी कॉलेज-विश्वविद्यालयों को 1 जुलाई के बजाय अगस्त या सितंबर में सत्र 2020-21 शुरू करने को कहा है। यूजीसी के प्रस्तावित कलैंडर में साल 2021 तक परीक्षा, अवकाश और कार्यक्रमों में तब्दीली की गई है।
जुलाई में नीट-जेईई मेन
जेईई मेन परीक्षा 18 से 23 जुलाई के दौरान होगी। जबकि नीट 26 जुलाई को होगी।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के तत्वावधान में पूर्व में जेईई मेन द्वितीय परीक्षा 5 से 11 अप्रेल और नीट 3 मई को प्रस्तावित थी। कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते दोनों परीक्षाओं को स्थगित किया गया था।
ऑनलाइन-जूम कक्षाओं की शुरुआत
कोरोना लॉकडाउन से फायदा भी हुआ है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, विश्वविद्यालय ऑनलाइन और जूम एप से कक्षाएं, वेबिनार जैसी तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते थे। बीते दो महीने से ऑनलाइन शिक्षण ही शिक्षकों-विद्यार्थियों के लिए मददगार साबित हो रही है। अब सत्र 2020-21 से यह स्थाई-अस्थाई रूप से संस्थानों के कामकाज का हिस्सा बनने को तैयार है।
आरबीएसई-परीक्षाओं और टाइम टेबल का स्टूडेंट्स को इंतजार
अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं-बारहवीं की बकाया परीक्षाओं और टाइम टेबल का लाखों स्टूडेंट्स को इंतजार है। सीबीएसई की बारहवीं और दिल्ली रीजन में दसवीं की बकाया परीक्षाएं 1 से 15 जुलाई तक होंगी। राजस्थान बोर्ड और सरकार ने फिलहाल कोई कार्यक्रम तय नहीं किया है।
कोरोना वायरस संक्रमण और लॉकडाउन के चलते राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने भी 19 मार्च को दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं स्थगित की थी। यह परीक्षाएं अब कराई जानी हैं। उधर केंद्र सरकार ने सीबीएसई में दिल्ली रीजन को छोडकऱ दसवीं की बकाया परीक्षाएं नहीं कराने का फैसला किया। बारहवीं के भी 29 विषयों के पेपर कराए जाएंगे। यह परीक्षाएं 1 से 15 जुलाई को होंगी।
Published on:
19 May 2020 09:27 am
