
निगम चुनाव सिर पर : कांग्रेस में वार्ड अध्यक्ष तो भाजपा में शक्ति केंद्र प्रभारियों का नहीं अता-पता
अजमेर. नगर निगम चुनाव के लिए मंगलवार को वार्डों में आरक्षण तय हो जाएगा। चुनाव का बिगुल कभी भी बज सकता है। लेकिन कांग्रेस में गुटबाजी के चलते अभी तक वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति तक नहीं हो पाई है। शहर कांग्रेस में फिलहाल कोई धणी-धोरी नहीं होने से वार्ड अध्यक्षों का अता-पता नहीं है। वहीं पार्षद चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे दावेदारों में भी असमंजस की स्थिति है। वह यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि राज्य में बदले राजनीतिक समीकरण में किस स्थानीय नेता की कितनी चलेगी। एेसे में टिकट पाने की जुगत में दावेदारों को कांग्रेस के पांच-पांच नेताआें के घर की देहरी धोकनी पड़ रही है।
छुपकर जा रहे हैं एक-दूसरे नेताओं के पास
कांग्रेस में पार्षद के दावेदारों की स्थिति यह है कि टिकट के लिए वे लगभग सभी बड़े नेताओं के यहां हाजिरी लगा रहे हैं। खास बात यह है कि कोई नेता नाराज नहीं हो जाए, इसलिए कई दावेदारों को तो छुप कर एक-दूसरे नेताओं के घर चक्कर लगाना पड़ रहा है।
पुराने वार्ड अध्यक्षों में से कई हुए निष्क्रिय
शहर में वार्डों की संख्या ६० से बढक़र ८० हो गई है। कांग्रेस के पुराने ६० वार्ड अध्यक्षों में से २०-२५ तो एेसे हैं जिनका अता-पता ही नहीं है। वहीं कुछ निष्क्रिय की श्रेणी में हैं। एेसे में कांग्रेस को ८० वार्डों में वार्ड अध्यक्ष बनाने के लिए नए सिरे से मेहनत करनी होगी।
पूर्व में भेजी थी सूची
बताया जा रहा है कि पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के कार्यकाल में वार्ड अध्यक्षों की सूची बनाकर भेजी गई थी लेकिन बाद में प्रदेशाध्यक्ष भी बदल गए और शहर कांग्रेस कार्यकारिणी भी भंग कर दी गई। एेसे में पुरानी सूची को ही तवज्जों मिलेगी या फिर नए नाम मांगे जाएंगे, इसे लेकर फिलहाल असमंजस की स्थिति है।
भाजपा : मंडल अध्यक्ष बन गए, शक्ति केंद्र प्रभारियों की नियुक्ति बाकी
अजमेर. नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा भले ही पूरी तैयारी होने का दावा कर रही है लेकिन भाजपा में भी अभी तक शक्ति केंद्र प्रभारियों की नियुक्तियां नहीं हो पाई है। शहर भाजपा का दावा है कि अगले १५ दिन में शक्ति केंद्र प्रभारियों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
भाजपा ने जिला प्रभारी बनाने के बाद मंडल प्रभारियों की घोषणा कर दी। मंडल प्रभारियों की नियुक्ति को करीब ८ महीने हो गए लेकिन शक्ति केंद्र प्रभारियों की सूची अभी तक शहर भाजपा को नहीं मिली है। जबकि शहर भाजपा ने फरवरी में ही शक्ति केंद्र प्रभारियों की नियुक्ति का दावा किया था।
Published on:
13 Oct 2020 12:41 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
