
demo pic
महावीर भट्ट . पुष्कर (अजमेर).
कस्बे के आंतरिक हिस्सों व गली-मोहल्लों में बिजली की भूमिगत लाइनें बिछाने पर 22 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सरकार की ओर से बजट में घोषणा करने के बाद अजमेर डिस्कॉम की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीएस) सरकार को भिजवा दी गई है।
रिपोर्ट में पुष्कर के आन्तरिक 18 गलियों में करीब 21 किलोमीटर लम्बी भूमिगत तथा नौ गलियों में 11 किलोवाट की हाइटेंशन लाइनें बिछाई जाएगी। पोल लगाए जाएंगे तथा कस्बे में लटक रहे बिजली के तार पूरी तरह से हटा दिए जाएंगे। कस्बे की गली-मोहल्लों में लटकते बिजली के रस्सेनुमा तार हटाकर भूमिगत केबल डाले जाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
पुष्कर में वर्तमान में दो फीडर में बिजली की व्यवस्था की जा रही है जो अब बढ़ाकर चार फीडर कर दी जाएगी। इससे बिजली गुल होने पर पूरे पुष्कर के अंधेरे में डूबने की बजाय संबधित इलाके की बिजली बंद करके समस्या हल कर दी जा सकेगी।
पूर्व व्यवस्था पर एक नजर
पुष्कर में भूमिगत केबल डालने की योजना पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने शुरू कर दी थी। इसमें गुरुद्वारा के पास से मुख्य बाजार होते हुए पुष्कर सरोवर की परिक्रमा करते हुए लाइनें डाली गई थी। इस पर पांच करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। दूसरे चरण में शेष रही सात गलियों में भूमिगत केबल डालने का काम प्रगति पर है।
इनका कहना है
बजट घोषणा के बाद सरकार को 22 करोड़ की डीपीआर भेजी जा चुकी है। इसके स्वीकृत होने के बाद पूरा पुष्कर कस्बा आन्तरिक केबिल व्यवस्था से जुड़ जाएगा।
- मोहन जादौन, सहायक अभियंता डिस्कॉम पुष्कर
Published on:
24 Jul 2019 06:01 am
