18 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer Robbery Case: ईडी-आयकर अधिकारी बनकर व्यापारी के घर डकैती, 8वां आरोपी दबोचा, 3 करोड़ के जेवर बरामद

Ajmer Robbery Case: पुलिस ने पिछले दिनों ट्रांसपोर्ट व्यापारी के घर हुई डकैती के मामले में एक और आरोपी मिट्टू माली को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है।
less than 1 minute read
Google source verification
Ajmer Robbery Case

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो: पत्रिका

अजमेर। नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने पिछले दिनों ट्रांसपोर्ट व्यापारी के घर हुई डकैती के मामले में एक और आरोपी मिट्टू माली को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है। पुलिस अब तक आरोपियों से करीब तीन करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर चुकी है। वारदात के दौरान इस्तेमाल किए दो वॉकी-टॉकी सेट और रेकी के लिए काम में ली मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि डकैती के मामले में आठवें आरोपी श्रीनगर के दांता कुम्हार मोहल्ला निवासी मिट्टू माली (40) को गिरफ्तार किया। अनुसंधान के बाद उसे नसीराबाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। पुलिस अब उसकी निशानदेही पर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच करेगी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अनुसंधान में आया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग की टीम जैसा दिखने के लिए वॉकी-टॉकी सेट का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपियों से दो वॉकी-टॉकी बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात के दौरान पीड़ित के घर के आसपास नजर रखने में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की जा चुकी है।

तीन करोड़ का माल बरामद

पुलिस के अनुसार प्रकरण में पहले से गिरफ्तार अमित कुमार, रविकांत उर्फ रवि उर्फ नकुल और तारू राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर डकैती के दौरान व्यापारी के घर से ले जाए गए सोने-चांदी के शेष आभूषण भी बरामद किए। पुलिस अब तक इस मामले में करीब तीन करोड़ रुपए के आभूषण बरामद कर चुकी है। पुलिस कार्रवाई में थानाप्रभारी राधेश्याम, हेडकांस्टेबल महेंद्र, सिपाही मुबारक मोहम्मद, शैतान जाट, अर्जुन व वाहन चालक हेमराज शामिल रहे।