6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लोकतंत्र में हो क्या रहा है ,कर्मचारी है यहां हड़ताल पर और भगवान भरोसे सरकारी दफ्तर

www.patrika.com/ajmer-news
3 min read
Google source verification
employees on strike, offices blank without employees

लोकतंत्र में हो क्या रहा है ,कर्मचारी है यहां हड़ताल पर और भगवान भरोसे सरकारी दफ्तर

अजमेर. अपनी मांगों को लेकर जिले के मंत्रालयिक कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर हैं। इससे सभी विभागों में कामकाज ठप है। अजमेर विकास प्राधिकरण में योजनाशाखा के ताले ही नहीं खुले तो कलक्ट्रेट व अन्य शाखाओं में सन्नाटा पसरा रहा। राजस्थान राजस्व सेवा परिषद के बैनर तले राजस्व कर्मचारी भी दो दिन के सामूहिक अवकाश पर हैं। वहीं पीएम यात्रा की तैयारियों के कारण कई कर्मचारी अवकाश के बावजूद कामकाज संभाल रहे हैं।


महापड़ाव जारी, सभा में शामिल होंगे :

राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के बैनर तले अजमेर जिले के कर्मचारी अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर जयपुर में महापड़ाव डाले हुए हैं। जिलाध्यक्ष मुकेश घारू ने बताया कि महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष के निर्णय पर कर्मचारी 6 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की सभी में शामिल होंगे। सभा में शामिल हाने की अनुमति के लिए गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

रेडियोग्राफर ने किया प्रदर्शन :
11 सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को राजस्थान रेडियोग्राफर्स एसोसिएशन ने जवाहर लाल नेहरू सहित अन्य अस्पतालों में दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिलाध्यक्ष राम किशोर मीना ने बताया कि आपातकालीन सेवाएं जारी रखेंगे इसके बावजूद सरकार हमारी मांग नहीं मानती है तो 9 अक्टूबर से रेडियोग्राफर सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे।

कम्प्यूटर ऑपरेटर ने निकाली रैली :

राजस्थान राज्य अधीनस्थ कम्यूटर कर्मचारी संघ जिला इकाई अजमेर द्वारा अपनी वेतन विसंगति सहित 6 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शित करते गुरुवार को कलक्ट्रेट से बजरंग गढ़ सर्किल तक कैंडल मार्च निकाला। रैली के बाद आना सागर झील में दीपदान किया गया।

पीएम को ज्ञापन देंगे रोडवेज कर्मचारी :
राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फैडरेशन से जुड़े कर्मचारी शुक्रवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगेगे। यह जानकारी रोडवेज के कर्मचारी नेता भोलानाथ आचार्य ने दी।

कल भी रहेंगे कर्मचारी हड़ताल पर

राजस्थान राजस्व सेवा परिषद के अप्रेल माह में हुए लिखित समझौते की पालना नहीं करने के विरोध में राजस्थान राजस्व सेवा परिषद के समस्त राजस्व कार्मिक भू-अभिलेख निरीक्षक पटवारी व सहायक कर्मचारी गुरुवार को हड़ताल पर रहे। कर्मचारी शुक्रवार को भी हड़ताल रहेंगे। इसी प्रकार राजस्थान सहायक कर्मचारी संघ की बैठक में सर्व सम्मति से राजस्थान रोडवेज मंत्रालयिक कर्मचारी, ग्राम सेवक, अधिकारियों, पशु तकनीकी कर्मचारी आदि भी राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार तक कर्मचारियों ने हड़ताल पर रहने का आव्हान किया है।


कनिष्ठ अभियंता रहे धरने पर :

राजस्थान इंजीनियर एकता मंच (रीम) के तत्वावधान में 4800 गे्रड पे की मांग को लेकर संभाग के कनिष्ठ अभियंताओं ने कलक्ट्रेट पर धरना दिया। अभियंता शनिवार को कायड़ विश्रामस्थली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। अभियंताओं ने गुरुवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपने हुए समय दिलाए जाने की मांग की। अजमेर इंजीनियर्स इंस्टीट्यूशन अजमेर के अध्यक्ष एम. सी बाल्दी के निर्देश पर संस्था सचिव अशोक रंगनानी ने अभियंताओं को कलक्ट्रेट में समर्थन पत्र सौंपा। अजमेर डिस्कॉम के अभियंता भी अब समर्थन में आ गए हैं।

पेयजल समस्या को लेकर दिया ज्ञापन :

सेवानिवृत्त राज्य कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति की ओर से शहर की पेयजल समस्या को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया व जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। समिति केअध्यक्ष करण सिंह ने बताया कि जिले में मंत्री होने के बावजूद शहर की जलापूर्ति की ओर सरकार ध्यान नहींं दे रही।


वकीलों का क्रमिक अनशन शुरूअजमेर की पेयजल किल्लत व बीसलपुर के पानी को जयपुर देने के मामले में बार एसोसिएशन की ओर से पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार क्रमिक अनशन शुरू किया। बार एसोसिएशन के प्रवेश द्वार पर बार अध्यक्ष अजय त्रिपाठी व सचिव समीर काले के नेतृत्व में वकील क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान कीर्तन किया। व्यापारिक संघ के मोहनलाल शर्मा, कैलाश शर्मा आदि ने बीसलपुर जल परियोजना के जल की आपूर्ति अन्य जिलों को देकर व अजमेर को पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति नहीं करने पर रोष जाहिर किया। संघ ने जिला बार एसोसिएशन के क्रमिक अनशन को समर्थन दिया।