7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ajmer: पुलिस ने 700 किमी पीछा कर अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, पलक झपकते ही उड़ा लेते यात्रियों के बैग

Interstate Gang Busted: अजमेर। सफर के दौरान बस-ट्रेन में यात्रियों के बैग और सूटकेस से कीमती सामान चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सिविल लाइंस थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

2 min read
Google source verification
यात्रियों के बैग व कीमती सामान चोरी के 6 आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो

यात्रियों के बैग व कीमती सामान चोरी के 6 आरोपी अरेस्ट, पत्रिका फोटो

Interstate Gang Busted: अजमेर। सफर के दौरान बस-ट्रेन में यात्रियों के बैग और सूटकेस से कीमती सामान चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सिविल लाइंस थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर करीब 700 किलोमीटर तक पीछा कर गिरोह के 6 शातिर बदमाशों को उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड से अरेस्ट किया है। गिरोह के सदस्य राजस्थान समेत कई राज्यों में सक्रिय थे।

यह है मामला

सिविल लाइंस थाने में दर्ज 11 अक्टूबर 2025 को पाली-सोजत सिटी निवासी छोगाराम देवासी ने रिपोर्ट दी थी कि वह परिवार सहित हैदराबाद से ट्रेन से अजमेर पहुंचा। गुजरात रोडवेज बस से चंडावल(पाली) जाने के बाद घर पहुंचकर बैग जांचने पर उसमें रखे करीब 30-32 तोला सोने व 100- 150 ग्राम चांदी के आभूषण गायब मिले। अज्ञात चोर बस में यात्रा के दौरान चोरी कर ले गए। चोरी की पुष्टि होने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ऐसे करते थे वारदात

पुलिस पड़ताल में आया कि गिरोह 6-7 लोगों के समूह में काम करता था। पहले से योजना बनाकर बसों व ट्रेनों में सवार होते और यात्रियों से घुल-मिलकर आसपास की सीटों पर बैठ जाते। एक सदस्य बैग की तलाशी लेकर चोरी करता, जबकि बाकी लोग यात्रियों का ध्यान भटकाते थे। गिरोह अमूमन रात के समय सो रहे यात्रियों को निशाना बनाता।

500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने तकनीकी सहायता के साथ अजमेर शहर में 500- 600 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पाली, ब्यावर, जयपुर, कोटपुतली, नागौर समेत प्रदेश के कई जिलों व दिल्ली, लखनऊ, बुलंदशहर, मेरठ जैसे स्थानों पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। आरोपियों को डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में राजस्थान, यूपी समेत कई शहरों में इसी तरह की चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

इन आरोपियों को ​किया अरेस्ट

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि एएसपी (सिटी) हिमांशु जांगिड व वृत्ताधिकारी शिवम जोशी के सुपरविजन में सिविल लाइंस थाना पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मेरठ सरायलालदास निवासी अकबर अहमद(42), लिसारीगेट मजिद नगर निवासी असलम मंसूरी (46), ब्रह्मपुरी हाल बनिवाला निवासी राजा शेख (44), बुलंदशहर हीरापुर किदवई नगर निवासी गौरव कश्यप (26), आनन्द कुमार उर्फ बिट्टू सिंह जाटव (29), उत्तराखंड उधमसिंह नगर रूद्रपुर निवासी विपिन कुमार जाटव (29) को गिरफ्तार किया। पुलिस गिरोह से अन्य राज्यों में की गई चोरी की वारदातों और माल की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

टीम की अहम भूमिका

पुलिस की कार्रवाई में थानाप्रभारी शंभूसिंह, एएसआई चांदसिंह, साइबर सेल के हैड कांस्टेबल आशीष गहलोत और देवेन्द्रसिंह, सिविल लाइन्स थाने के कांस्टेबल अभयसिंह, कमलेशसिंह, समित, शौदान और रिजर्व पुलिस लाइन के कांस्टेबल अजय कुमार की विशेष भूमिका रही।