
jee advance 2019
अजमेर
देश के विभिन्न आईआईटी में प्रवेश के लिए अगले वर्ष मई में जेईई एडवांस परीक्षा होगी। परीक्षा तिथि और अन्य कार्यक्रम जल्द घोषित होंगे।
देश के विभिन्न आईआईटी में दाखिलों के लिए जेईई एडवांस परीक्षा होती है। इसमें सीबीएसई की जेईई मेन्स में उत्तीर्ण करीब 2.20 लाख विद्यार्थी शामिल होते हैं। इस साल आईआईटी कानपुर ने यह परीक्षा कराई। संभवत: अगले वर्ष आईआईटी चेन्नई, बेंगलूरू, गुवाहाटी, मुम्बई या दिल्ली को यह जिम्मेदारी मिल सकती है। इसकी परीक्षा तिथि और अन्य कार्यक्रम सितम्बर या अक्टूबर में घोषित होंगे।
मई में होगी परीक्षा
जेईई एडवांस परीक्षा अगले वर्ष मई के तीसरे सप्ताह में होगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन अप्रेल में प्रारंभ होंगे। प्रवेश पत्र मई के शुरूआत में वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। मालूम हो कि इस साल से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी साल में दो बार जेईई मेन्स परीक्षा कराएगी। इसको देखते हुए जेईई एडवांस की परीक्षा तिथि तय होगी।
बीएड कॉलेज आवंटन सूचना
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के तत्वावधान में बीएड कॉलेज में रिक्त सीट पर दाखिलों के लिए तृतीय विशेष काउंसलिंग जारी है। अभ्यर्थियों ने गुरुवार को बीएड कॉलेज के विकल्प भरे। कॉलेज आवंटन सूचना शुक्रवार को जारी की जाएगी।
पीटीईटी समन्वयक प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 901 बीएड कॉलेज के लिए दो काउंसलिंग कराई गई। कुल 1 लाख 2730 सीट में 96 हजार 939 पर प्रवेश दिए जा चुके हैं। अब 5791 रिक्त हैं। इसी तरह दो काउंसलिंग के बाद बीए बीएड कॉलेज में 9891 और बीएससी बी.एड. पाठ्यक्रम में 4774 सीट रिक्त रही हैं। सरकार के रिक्त सीट पर प्रवेश देने की याचिका पर राजस्थान हाईकोर्ट ने तृतीय विशेष काउंसलिंग की इजाजत दी है। अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीयन और बीएड कॉलेज के विकल्प भर चुके हैं। शुक्रवार को वेबसाइट पर कॉलेज आवंटन सूची जारी होगी।
14 अगस्त तक फीस और रिपोर्टिंग
प्रो. सारस्वत के अनुसार अभ्यर्थी 14 अगस्त को शाम 4 बजे तक प्रवेश शुल्क ऑनलाइन पेमेन्ट गेटवे अथवा आईसीआईसीऔई बैंक में चालान से नकद जमा करा सकेंगे। अभ्यर्थियों को 14 अगस्त तक आवंटित कॉलेज में रिपोर्टिंग करनी होगी। इसके बाद उन्हें रिपोर्टिंग का कोई अवसर नहीं मिलेगा।
फैक्ट फाइल..
प्रदेश में कुल बीएड कॉलेज-901
पीटीईटी में कुल सीट-1,02,730
पूर्व की काउंसलिंग के बाद कुल प्रवेश-96, 939
Published on:
10 Aug 2018 06:32 am
