
kiran maheshwari critisize congress
अजमेर.
पूर्व उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह जुमलों और खोखले वायदे करने वाली सरकार है। महज बीस दिन में लोगों को संकेत मिल गए हैं। प्रदेश में अभी चुनाव कराए जाएं तो भाजपा प्रचंड बहुमत से वापस सरकार बना सकती है। माहेश्वरी ने यह बात महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही।
माहेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस लोगों को गुमराह कर सत्ता में आई है। किसानों की कर्जा माफी की हकीकत दिख चुकी है। कांग्रेस नेपहले कहा था सब किसानों के कर्जे माफ होंगे। अब कहा गया है, कि केवल डिफॉल्टर के ऋण ही इस दायरे में रखे जाएंगे। सरकार के अंदरखाने भी हालात ठीक नहीं दिख रहे। जिस तरह मुख्यमंत्री, मंत्रीमंडल के गठन और विभागों के बंटवारे में हालात दिखे उससे लोगों को हकीकत समझ आ गई है।
हनीमून काल में ही मतभेद
माहेश्वरी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अभी तो सरकार का हनीमून चल रहा है। इसमें ही मंत्रियों और नेताओं के परस्पर मतभेद सुनाई देने लगे हैं। जनता को गुमराह करने वाली सरकार का भविष्य दिख रहा है। भाजपा को कांग्रेस से 0.4 प्रतिशत मत ही कम मिले हैं। प्रदेश में अभी विधानसभा चुनाव हो जाएं तो भाजपा अपने दम पर वापस सरकार बना सकती है।
फिर जीतेंगे लोकसभा चुनाव
हाल में कर्नाटक की प्रभारी बनीं माहेश्वरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा फिर शानदार प्रदर्शन करेगी। राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों में पार्टी को अधिकाधिक सीट जिताने के लिए कार्यकर्ता संकल्पित है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर सरकार बनना तय है। पांच साल में देशवासी मोदी सरकार के कामकाज को देख चुके हैं। उनकी लोकप्रियता के आगे कांग्रेस और अन्य दल आसपास भी नहीं दिख रहे हैं।
Published on:
07 Jan 2019 07:50 am
