
Ajmer: मृतक पति-पत्नी (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
अजमेर। टॉडगढ़ उपखंड क्षेत्र के सामादेवरी (कानाखेजड़ी) गांव में हुए दर्दनाक कुएं हादसे में माता-पिता को खो चुके चार भाई-बहनों की मदद के लिए अब जनप्रतिनिधि आगे आने लगे हैं। ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने गुरुवार को टॉडगढ़ स्थित फौजी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी इस मुश्किल घड़ी में परिवार का सहयोग करने की अपील की।
विधायक रावत ने कहा कि इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। ऐसे कठिन समय में समाज का दायित्व है कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सामादेवरी (कानाखेजड़ी) गांव में हुए हृदयविदारक हादसे में अर्जुन सिंह (42) और उनकी पत्नी अनीता देवी (38) की मौत हो गई थी। अनीता देवी घर के पास स्थित करीब 60 फीट गहरे कुएं से बकरियों के लिए पानी निकाल रही थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गईं। पत्नी को डूबता देख अर्जुन सिंह बिना किसी परवाह के उन्हें बचाने के लिए कुएं में कूद पड़े, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण दोनों की डूबने से मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना में परिवार के चार बच्चों- तीन बहनों और एक भाई के सिर से एक साथ माता-पिता का साया उठ गया। सबसे दुखद बात यह रही कि परिवार में बेटियों की शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी में महज कुछ ही दिन शेष थे और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पलभर में सब कुछ बदल दिया। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां मातम पसर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। कुएं का पानी खाली कराने के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए थे।
घटना के बाद विधायक शंकर सिंह रावत ने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की थी। हालांकि, पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण वह तत्काल राशि नहीं सौंप सके थे। गुरुवार को टॉडगढ़ स्थित फौजी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घोषणा के अनुरूप आर्थिक सहायता राशि परिजनों को सौंपते हुए समाज से भी इस अनाथ हुए परिवार की हरसंभव मदद करने की अपील की।
Updated on:
10 Jul 2026 03:52 pm
Published on:
10 Jul 2026 03:52 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
