
टीम के साथ बालक और मां (फोटो: पत्रिका)
Rajasthan News: गुजरात पालनपुर से मां की तलाश में आए 14 वर्षीय बालक की मौसी बुधवार को अजमेर पहुंची। सीडब्ल्यूसी के सामने मौसी ने पहले तो बालक की मां का पता बताने से मना कर दिया। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष अंजली शर्मा ने रामगंज थाना पुलिस की मदद ली तो उसने ना केवल बालक की उसकी मां से बात करवाई बल्कि उसे बाल कल्याण समिति कार्यालय बुलवा लिया। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष अंजली शर्मा, सदस्य तब्स्सुम बानो और अरविन्द कुमार मीणा के सामने मां ने भी बेटे को साथ रखने से इनकार कर दिया। करीब डेढ़ से दो घण्टे तक किशोर बिलखते हुए मां से साथ रहने की मिन्नतें करता रहा। मां व मौसी ने उसकी गलतियां गिनाते हुए साथ में रखने से इन्कार कर दिया। सीडब्ल्यूसी सदस्य की समझाइश के बाद मां नाबालिग बेटे को साथ रखने को सहमत हुई।
पत्रिका से बातचीत में बालक की मां ने बताया कि जब बेटा 6 माह का था तब पति की अकाल मृत्यु हो गई। पीहर में बूढ़े माता-पिता की सेवा कर बेटे का लालन-पालन किया लेकिन वह पढ़ने लिखने की उम्र में गलत संगत में पड़ गया। परिजन की मृत्यु के बाद वह बेटे को लेकर गुजरात के पालनपुर में छोटी बहन के पास चली गई। दो माह पहले बहन ने अजमेर दौराई निवासी युवक से दूसरा विवाह कराया। उसने बेटे को छोटी बहन की देखरेख में छोड़ दिया लेकिन वह वहां से भाग आया। वह बेटे के फेर में अपना वैवाहिक जीवन बिगाड़ना नहीं चाहती है।
इधर किशोर की मां के दूसरे ससुराल पक्ष ने भी बालक को साथ रखने की सहमति दे दी। बालक ने भी मां से गलत संगति व बुरी आदतें छोड़ पढ़ाई करने का वादा किया। मां-बेटे ने सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष अंजली शर्मा व सदस्य तबस्सुम बानो के समक्ष गिले शिकवे दूर किए। इसके बाद सीडब्ल्यूसी ने मां-बेटे को साथ घर भेज दिया।
Published on:
26 Jun 2025 12:49 pm
