
पुलिस भी देखकर रह गई दंग, जब एम्बुलेंस में मिला नशे का यह सामान
रूपनगढ़. रूपनगढ़ थाना पुलिस ने शनिवार रात नाकाबंदी के दौरान एम्बुलेंस में नशीले पदार्थ की खेप लेकर जा रहे चार जनों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सुमन चौधरी ने बताया कि मेगा हाइवे पर नुवां रोड तिराहे के पास नाकाबंदी के दौरान एक एम्बुलेंस में डोडा पोस्त की तीन बोरियों के साथ चार युवक जा रहे थे। पुलिस ने इसे रुकवाने का प्रयास किया। उनके नहीं रुकने पर पीछा किया और तस्कर एम्बुलेंस छोड़ भाग गए।
पुलिस ने एम्बुलैंस व इसमें भरा अफीम के डोडे से भरे तीन बोरे जिसका वजन 35 किलो 700 ग्राम को जब्त किया। पुलिस भागे युवक विकास जांगिड़ निवासी रामगढ़ जिला सीकर व इसी गांव के धर्मेन्द्र जाट, फिरोज निवासी चूरू व यहीं के फिरोज पुत्र अयूब खां कायमखानी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। इन्होंने पूछताछ में खेप लाना स्वीकार किया तथा ले जाने की बात बताई।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस खेप को पकडऩे में दीवान लोकेन्द्रसिंह, नन्दकिशोर, हीरालाल की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ जारी है तथा और भी वारदात खुलने की संभावना है। पुलिस ने मामला एनडीपीएस अधिनियम में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच गांधीनगर थानाप्रभारी विक्रमसिंह कर रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी के दौरान एम्बुलैंस में नशीले पदार्थ की खेप ले जाने की सूचना पर नाकाबंदी की तथा इन्हें पकड़ा व माल जब्त किया। आरोपित से पूछताछ जारी है तथा इन्हें सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।
- सुमन चौधरी, थानाप्रभारी रूपनगढ़
Updated on:
23 Jul 2018 01:04 pm
Published on:
23 Jul 2018 01:04 pm
