20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लेनदेन में बिगड़ा हिसाब तो दोस्त ने चाकू से गोदा

वारदात : सिनेवर्ल्ड बंजारा बस्ती की वारदात, घायल जेएलएन अस्पताल में भर्ती, आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में  
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Manish Singh

Dec 21, 2023

लेनदेन में बिगड़ा हिसाब तो दोस्त ने चाकू से गोदा

घायल मनोज टेकचन्दानी को पुष्कर रोड स्थित अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जेएलएनएच ले जाते परिजन व पुलिस।

अजमेर. सिनेवर्ल्ड के पीछे बंजारा बस्ती में बुधवार रात ई-मित्र कियोस्क में बैठे दोस्तों में लेनदेन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। कियोस्क संचालक मनोज टेकचंदानी को उसके दोस्त वीरेन्द्र बहल ने चाकू से बेरहमी से गोद दिया। दोनों लहूलुहान हालत में बाहर निकले तो पड़ोसियों को वारदात का पता चला। पुलिस ने घायलों काे अस्पताल पहुंचाया। मनोज को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि वीरेन्द्र बहल को प्राथमिक उपचार के बाद क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

बंजारा बस्ती में रात सवा 8 बजे ज्ञान विहार कॉलोनी निवासी ई-मित्र कियोस्क संचालक मनोज टेकचंदानी दोस्त मंगलम फ्लैट्स में रहने वाले वीरेन्द्र बहल के साथ बैठा था। दोनों में लेनदेन को लेकर बात चल रही थी। बात बिगड़ते ही वीरेन्द्र ने धारदार हथियार से मनोज पर हमला बोल दिया। उसने मनोज पर ताबड़तोड़ वार किए। वीरेन्द्र ने भागने का प्रयास किया तो उसे पकड़ने आया मनोज दुकान के बाहर गिर गया। उन्हें लहूलुहान देख आस-पास के लोग जुट गए। पड़ोसियों ने वीरेन्द्र को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर हरिभाऊ उपाध्याय नगर चौकी प्रभारी जगमाल दायमा, बीट कांस्टेबल किशन जाजरा व अन्य घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों को पुष्कर रोड िस्थत मित्तल अस्पताल पहुंचाया। हालत गम्भीर होने पर मनोज को जेलएनएन अस्पताल रैफर कर दिया।

बेरहमी से मारा, खुद भी जख्मी

मनोज के शरीर पर चिकित्सकों ने करीब धारदार हथियार के आधा दर्जन गहरे वार गिने। उसके सीने, गला के अलावा बाजू पर तीन और पेट पर गहरा वार लगा। हमले में धारदार हथियार से वीरेन्द्र का हाथ भी जख्मी हो गया।

लेनदेन में बिगड़ा

पड़ताल में आया कि मनोज ई-मित्र कियोस्क के अलावा मनी ट्रांसफर व शेयर बाजार से जुड़ा हुआ है। कथिततौर पर मनोज व वीरेन्द्र में शेयर बाजार में रुपयों को लेकर विवाद हो गया। बुधवार रात कहासुनी के बाद वीरेन्द्र ने मनोज पर धारदार हथियार से हमलाकर दिया।

...फूट पड़े आंसू

मनोज बीएसएनएल से सेवानिवृत्त नंदकुमार टेकचंदानी का पुत्र है। वारदात की सूचना मिलते ही पिता नंदकुमार, मां और पत्नी निजी अस्पताल पहुंचे। विनोद की हालत देख मां व पत्नी के आंसू फूट पड़े। पार्षद ज्ञान सारस्वत व क्षेत्रवासियों ने ढांढस बंधाया।

इनका कहना है...

बंजारा बस्ती में चाकूबाजी की वारदात हुई है। घायल को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

- रविन्द्र सिंह खींची, थानाप्रभारी, क्रिश्चियन गंज