
corona virus
अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थी परीक्षा केन्द्रों में फेस मास्क और सेनिटाइजर ले जा सकेंगे। कोरोना वायरस के चलते बोर्ड ने विद्यार्थियों के लिए निर्देश जारी किए हैं।
अध्यक्ष डॉ. डी. पी. जारोली ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर सरकार ने भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थी सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों पर फेस मास्कर और सेनिटाइजर ले जा सकेंगे। परीक्षा केंद्रों पर इनकी जांच भी की जाएगी। मालूम हो कि बोर्ड की बारहवीं की परीक्षाएं गुरुवार से प्रारंभ हो गई हैं। कोरोना वायरस के मामले में सीबीएसई के बाद बोर्ड ने भी विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया है।
जल्द स्वीकृत हों विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति
अजमेर. सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय और लॉ कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा को ज्ञापन देकर छात्रवृत्ति स्वीकृति जारी करने की मांग की।
एसपीसी-जीसीए के छात्रसंघ अध्यक्ष विकास गोरा और लॉ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रचित कच्छावा ने बताया कि सत्र 2019-20 में कई छात्र-छात्राओं ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था। इन्हें छात्रवृत्तियां नहीं मिली हैं। अधिकारियों से संपर्क करने उन्होंने बजट की दिक्कत बताई है। कई संकाय में परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं। विभाग का पोर्टल बंद होने से विद्यार्थी परीक्षा फार्म रसीद भी नहीं लगा पाए हैं। विद्यार्थियों के हित में छात्रवृत्ति पोर्टल तत्काल खोलना चाहिए। इस दौरान इकाई अध्यक्ष हर्ष लाम्बा, दिनेश चौधरी,पीयूष पारीक, शिवराज मेघवंशी और अन्य मौजूद रहे।
स्कूलों को भी निर्देश जारी
राज्य सरकार ने स्कूल को कोरोना वायरस को लेकर निर्देश जारी किए हैं। स्कूल खांसी, जुखाम और अन्य बीमारी से पीडि़त विद्यार्थियों को रुमालया फेसमास्क का इस्तेमाल करने, टिश्यू पेपर रखने की जानकारी देंगे। विद्यार्थियों को सेनेटाइजर अथवा साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने, स्वच्छता रखने की जानकारी भी देंगे।
Published on:
06 Mar 2020 08:03 am
