
Crime-व्यापारी पर हमला, लूटपाट
अजमेर(Ajmer News).
पुष्कर रोड ऋषि घाटी के पास सोमवार रात दुपहिया-चौपहिया वाहन पर सवार होकर आए कुछ बदमाशों ने दुकान से घर लौट रहे एक व्यापारी पर हमला कर दिया। हमले में व्यापारी जख्मी हो गया। व्यापारी ने लूट, अपहरण के प्रयास व जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। गंज थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
कोटड़ा निवासी अमित शर्मा सोमवार रात करीब सवा 8 बजे कचहरी रोड स्थित दुकान से घर लौट रहा था। पुष्कर रोड ऋषि घाटी से आगे स्कूटर सवार दो युवकों ने पहले उसकी टी-शर्ट पकड़कर गिराने का प्रयास किया। वह संभला तभी पीछे से एक बाइक व कार में करीब 10-12 जने आ गए। आरोपियों ने उसको नागफनी रोड के सामने रोककर मारपीट शुरू कर दी। शर्मा ने आरोप लगाया कि वह मिलने वाले के यहां से नकदी लेकर आया था। उसकी जेब में 16 हजार रुपए थे। हमलावर उसकी जेब से नकदी व एक अंगूठी छीन ले गए। शर्मा का कहना है कि उसका किसी से विवाद नहीं है। सूचना मिलते ही गंज एसएचओ जयसिंह जाप्ते के साथ पहुंचे। पुलिस ने घायल शर्मा को अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसको छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
दिखाए हथियार
शर्मा ने बताया कि हमलावरों में एक के पास पिस्टल थी जबकि कार सवार अन्य युवकों के पास बेसबॉल के डंडे और सरिए थे। कुछ हमलावरों को वह पहचानता है, जिसकी जानकारी उसने पुलिस को दे दी है।
दुकान को लेकर विवाद
इधर अनुसंधान में जुटे गंज थानाप्रभारी जयसिंह का कहना है कि व्यापारी का अजय सिंह से दुकान को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में अजय ने अपने कुछ साथियों को साथ मिलकर व्यापारी के साथ मिलकर मारपीट की है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
09 Jun 2020 06:00 am
