राजस्थान के अजमेर के आदर्शनगर थाना क्षेत्र के खाजपुरा गांव में दुर्गम पहाड़ियों के बीच जंगल में बुधवार दोपहर महिला का अर्द्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार खाजपुरा के जंगल में बुधवार दोपहर बकरियां चरा रही महिला को झाड़ियों के पास महिला का अर्द्धनग्न शव नजर आया। उसने खाजपुरा के पूर्व सरपंच गुलाबसिंह को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर आदर्शनगर थानाप्रभारी छोटेलाल मय जाप्ता घटनास्थल पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल पहुंचने के लिए करीब डेढ़ किमी पहाड़ी क्षेत्र में पैदल चलना पड़ा। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए। सूचना पर एफएसएल-एमओबी की टीम घटनास्थल पहुंची और साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस को घटनास्थल पर शव अर्द्धनग्नावस्था में मिला। यह दो से तीन दिन पुराना है। शव से कुछ दूरी पर कम्बल व पानी की खुली हुई बोतल मिली। प्रारंभिक पड़ताल में मृतका की उम्र 25 से 30 साल के मध्य आंकी गई है। मौका-ए-हालात देखते हुए महिला के साथ में अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस उसको विमंदित होने व रास्ता भटकने से भी जोड़कर देख रही है, हालांकि मृत्यु के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
खाजपुरा के जंगल में महिला का शव मिला है। मृतका के शरीर पर कोई बाहरी चोट का निशान नजर नहीं आ रहा है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को मोर्चरी में रखवाया है।
Updated on:
18 Jun 2025 09:58 pm
Published on:
18 Jun 2025 09:55 pm