24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News: मेहंदी रचे हाथों में शादी का कार्ड लेकर पहुंची 2 बहनें, बोलीं- साहब! 2 दिन बाद शादी है… सिलेंडर दिला दो

Bride Gas Cylinder Ajmer Story: अजमेर जिले के बड़लिया गांव से एक संवदेनशील तस्वीर सामने आई, जहां शादी के दो दिन पहले मेहंदी रचे हाथों में निमंत्रण पत्र थामे दो बहनें अपने बूढ़े पिता के साथ गैस सिलेंडर के लिए जिले के हाकिम के दफ्तर तक चक्कर काटती नजर आईं।

2 min read
Google source verification
Bride Gas Cylinder Ajmer Story

जिला रसद अधिकारी को शादी की जानकारी देती दो बहनें। फोटो: पत्रिका

अजमेर। अजमेर जिले के बड़लिया गांव से एक संवदेनशील तस्वीर सामने आई, जहां शादी के दो दिन पहले मेहंदी रचे हाथों में निमंत्रण पत्र थामे दो बहनें अपने बूढ़े पिता के साथ गैस सिलेंडर के लिए जिले के हाकिम के दफ्तर तक चक्कर काटती नजर आईं। जब वह जिला रसद कार्यालय पहुंची तो जिला रसद अधिकारी (ग्रामीण) नीरज जैन की पहल ने दोनों बहनों के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी।

बड़लिया (अजमेर) गांव में रहने वाली मनभर और मीनाक्षी रावत की 25 अप्रेल को शादी होनी है। घर में लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन मेहमानों के खाने के लिए रसोई की सबसे जरूरी चीज गैस सिलेंडर की व्यवस्था नहीं होने से पूरा परिवार चिंता में था।

बूढ़े पिता ने कई गैस एजेंसियों के चक्कर लगाए, लेकिन हर जगह से निराशा हाथ लगी। आखिरकार किसी की सलाह पर गुरुवार को दोनों बहनें अपने पिता के साथ अजमेर कलक्ट्रेट पहुंचीं। हाथों में मेहंदी, शादी का कार्ड लिए दुल्हनों को कलक्ट्रेट में सिलेंडर के लिए चक्कर लगाता देखकर हर कोई दंग रह गया।

समारोह में नहीं बन पाएगा खाना

कलक्ट्रेट से उनको जिला रसद अधिकारी कार्यालय में भेजा गया। यहां दोनों बहनों ने जिला रसद अधिकारी द्वितीय नीरज जैन को अपनी परेशानी बताई। उनका कहना था कि अगर सिलेंडर नहीं मिला तो शादी में आए मेहमानों के लिए खाना नहीं बन पाएगा।

मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए जिला रसद अधिकारी नीरज जैन ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने ना केवल एलडीसी को बुलाकर दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करवाई बल्कि दोनों बहनों को नियमानुसार कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। डीएसओ जैन की पहल से परिवार ने राहत की सांस ली।

इनका कहना है

अजमेर जिला रसद अधिकारी नीरज जैन का कहना है कि दोनों बहनें समस्या लेकर कार्यालय आई थीं। शादी का मामला होने के कारण इसे प्राथमिकता से लिया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए औपचारिकताएं पूरी कर गैस एजेन्सी को 2 कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने के आदेश दिए है। ताकि उनके समारोह में कोई बाधा न आए।

बता दें कि राजस्थान सरकार ने शादियों के लिए 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शादी समारोह के लिए 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के लिए शादी के निमंत्रण कार्ड के साथ जिला रसद अधिकारी को आवेदन करना होता है। नियमों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 3 और ग्रामीण क्षेत्रों में 2 कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बाद भी कई शादी समारोह वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।