
थूर की पाल पर चल रहा निर्माण कार्य। फोटो: पत्रिका
Udaipur Road News: उदयपुर। साइफन से कविता तक बन रही 8.3 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क अब तेजी से पूरी होने की दिशा में बढ़ रही है। थूर क्षेत्र में पुलिया निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जो इस प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा है। पंचायत समिति बड़गांव से आरामशीन बड़गांव तक 900 मीटर के हिस्से में 60 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। यहां घनी आबादी को ध्यान में रखते हुए संतुलित चौड़ाई तय की गई, इससे आमजन को कम से कम नुकसान हो।
इस हिस्से में यूडीए की ओर से मुआवजा वितरण और कानूनी प्रक्रियाएं भी पहले ही पूरी कर ली गई हैं। अब केवल कुछ छोटे हिस्सों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, इसके पूरा होते ही नाली और ड्रेनेज सिस्टम को भी जोड़ दिया जाएगा।
इसके आगे आरामशीन बड़गांव से कविता तक सड़क 100 फीट चौड़ाई के साथ विकसित की जा चुकी है। लोयरा, थूर और चिकलवास क्षेत्रों में फोरलेन का निर्माण कार्य निरंतर जारी है। आबादी क्षेत्रों में तकनीकी कारणों से गति थोड़ी धीमी जरूर है, लेकिन वहां भी काम को तेज करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
थूर में पुलिया को ऊंचा करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या खत्म होगी और आवागमन निर्बाध हो सकेगा। इसके साथ ही अन्य हिस्सों में सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है। आरामशीन बड़गांव से रामगिरी में एक तरफ रोड बन चुकी है, दूसरी तरफ और विद्याभवन की जमीन है, इनसे अभी वार्ता चल रही है। यहां जमीन मिलते ही पूरे मार्ग को एक समान चौड़ाई में विकसित कर काम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
यह सड़क एक महत्वपूर्ण पर्यटन मार्ग के रूप में विकसित हो रही है। इसके पूरा होते ही साइफन से आगे सीधी फोरलेन कनेक्टिविटी मिलेगी। कविता से अंडरपास के जरिए हल्दीघाटी तक सीधा संपर्क स्थापित होगा। वहीं, माउंट आबू और रणकपुर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटकों के साथ वीवीआईपी मूवमेंट भी होता है। इस मार्ग के पूरा होते ही कविता, थूर, लोयरा, फेनियों का गुड़ा, चिकलवास, पालड़ी और राठौड़ों का गुड़ा जैसे क्षेत्रों को मजबूत कनेक्टिविटी देने वाली यह सड़क आने वाले समय में विकास की नई धुरी बनेगी।
कुछ हिस्सों में प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं, वहीं थूर सहित कई स्थानों पर तेजी से चल रहे निर्माण कार्य चल रहे है। यह बहुप्रतीक्षित फोरलेन परियोजना जल्द ही पूरी होकर उदयपुर के पर्यटन और यातायात को नई दिशा देगी।
-हेमेन्द्र नागर, यूडीए सचिव
Updated on:
23 Apr 2026 11:11 am
Published on:
23 Apr 2026 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
