4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अजमेर उर्स 2019 : पाक जायरीनों के अजमेर शरीफ जाने पर लगी रोक, पाक का आरोप, वीजा नहीं दे रही सरकार

अजमेर उर्स 2019 : पाक जायरीनों के अजमेर शरीफ जाने पर लगी रोक, पाक का आरोप, वीजा नहीं दे रही सरकार
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

rohit sharma

Mar 06, 2019

अजमेर।

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले के बाद बढ़े तनाव के बीच भारत ने अजमेर शरीफ जाने के लिए आवेदन करने वाले करीब 500 पाकिस्तानी श्रद्धालुओं को वीजा देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में पाक के धार्मिक मामलों के मंत्री पीर नूर-उल-हक कादरी ने बताया कि भारत सरकार ने उन्हें वीजा देने से इनकार कर दिया है। भारतीय दूतावास ने अभी इन श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वापस नहीं किए हैं।

कादरी ने बताया कि पाकिस्तान ने एक साल में 5,600 सिख तीर्थयात्रियों और 312 हिंदू श्रद्धालुओं को वीजा दिया है। इसी महीने अजमेर शरीफ में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के उर्स का आयोजन किया जा रहा है।

आपको बता दें कि ख्वाजा साहब के उर्स में पाकिस्तान से हर साल करीब 450 से 500 जायरीन अजमेर आते हैं। यहां उनके रहने के लिए दरगाह के नजदीक ही सेंट्रल गर्ल्स स्कूल में व्यवस्थाएं की जाती है। पाकिस्तानी जत्था जब तक अजमेर रहता है, तब तक उनकी सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया जाता है और विशेष निगरानी रखी जाती है।

इस बार पाक जत्थे के आने की कोई सूचना नहीं है, जबकि उर्स का झंडा चढ़ चुका है और 7 या 8 मार्च से उर्स शुरू हो जाएगा। सुरक्षा कारणों अथवा सियासी हालात के चलते कई बार पाक जत्था उर्स में नहीं आ सका है।

आतंक पर बड़ी कार्रवाई

वहीं भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के मुख्य कारण आतंकवाद को लेकर हाल ही में बड़ी कार्रवाई हुई है। भारत समेत दुनिया के बढ़ते दबाव के आगे मजबूर पाकिस्तान ने मंगलवार को अपनी धरती पर पनप रहे आतंक के खिलाफ तीन बड़े कदम उठाए।

पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने पुलवामा हमले के गुनहगार आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के बेटे हम्माद अजहर और छोटे भाई अब्दुल रऊफ समेत विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से 44 आतंकियों को हिरासत में ले लिया। आतंक रोधी कानून के तहत आतंकी हाफिज सईद के संगठनों पर कार्रवाई की गई। वहीं आतंकियों की संपत्ति जब्त करने के नए कानून को लागू कर दिया।

तीन कदमों के 3 कारण

- मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने लिए 13 मार्च को सुरक्षा परिषद में अमरीका, ब्रिटेन व फ्रांस का प्रस्ताव आना है।
- फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स की ग्रे-लिस्ट से बाहर आने के लिए अक्टूबर, 2019 तक उसकी 27 शर्तें मानना जरूरी।
- भारतीय वायुसेना प्रमुख कह चुके हैं अभियान अभी जारी है। पीएम मोदी ने कहा चुन-चुनकर हिसाब लेंगे।

एयर स्ट्राइक के बाद भी पाक की राजस्थान बॉर्डर पर 'नापाक' हरकत

वहीं एयर स्ट्राइक के बाद भारत-पाक सीमा से सटे राजस्थान के बॉर्डर पर भी लगातार अलर्ट बना हुआ है। अलर्ट के बाद भी पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बीते सप्ताह में राजस्थान बॉर्डर से 8 संदिग्धों को सेना ने पकड़ा है वहीं सोमवार को पाकिस्तान ने रैकी करने के इरादे से एक संदिग्ध यूएवी विमान (ड्रोन) भी सरहद पर छोड़ा था, ड्रोन इंटरनेशनल बॉर्डर को पार करके भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहा था। जिसे भारतीय वायु सेना ने मार गिराया था।