
यूपी में आसमान से आग बरस रही है। कई शहर गर्मी का कहर झेल रहे हैं। लू के थपेड़ों से लोग घरों में दुबके बैठे हैं। प्रदेश के शहरों की बात करें तो सबसे ज्यादा गर्मी का असर हाथरस और आगरा में देखने को मिला है। हाथरस में गर्मी ने अप्रैल महीने में ही 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हाथरस में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। आगरा, अलीगढ़, कानपुर, राजधानी लखनऊ में गर्मी से जनता का हाल खस्ता है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि, यह तल्खी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में हीट वेव के लिए भी तैयार रहें। प्रयागराज गुरुवार 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हाथरस में 22 साल का रिकार्ड टूटा
गुरुवार को हाथरस में गर्मी ने 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वर्ष 2000 के बाद से 28 अप्रैल का दिन सबसे गर्म दिन साबित हुआ। अप्रैल 2000 में 42.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन चार दिन भीषण गर्मी जारी रहेगी। और तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। भूगोलवेत्ता डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि, जिले में रिकॉर्ड तोड़ती गर्मी के चलते मानसून एक से दो सप्ताह देरी से पहुंचेगा।
अलीगढ़ में पारा 44 के पार
अलीगढ़ भीषण गर्मी जूझ रहा है। अलीगढ़ में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर 12 बजे के बाद सड़क पर आग सी बरसने लगी थी। एएमयू विशेषज्ञ प्रोफेसर अतीक अहमद का कहना है कि, गर्मी के और बढ़ने की उम्मीद है।
लखनऊ का पारा 45 डिग्री जाने का अलर्ट
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम पारा 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, पारे में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। हालांकि, तीन और चार मई को आंशिक बदली छाने से थोड़ी सी राहत मिलने के आसार रहेंगे। वरिष्ठ भू-वैज्ञानिक डॉ. सीएम नौटियाल कहते हैं कि, पारा स्थानीय कारण सक्रिय हुए तो 45 डिग्री तक भी जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो लखनऊ में 23 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा। 30 अप्रैल 1999 को पारा 45 डिग्री दर्ज हुआ था।
यूपी का सबसे अधिक गर्म शहर प्रयागराज
प्रयागराज गुरुवार 28 अप्रैल को यूपी का सबसे अधिक गर्म शहर था। यहां पर अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे देश में इससे अधिक तापमान सिर्फ राजस्थान के धौलपुर में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रयागराज ने यूपी के सभी शहरों को तापमान के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
Updated on:
29 Apr 2022 05:46 pm
Published on:
29 Apr 2022 11:11 am
बड़ी खबरें
View Allअलीगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
