
अलीगढ़ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर है।
पुलिस के मुताबिक, तुर्कमान गेट निवासी वसीम हार्डवेयर कारोबारी है। उसके कारखाने में मोहल्ला चौड़िया गोदाम का रहने वाला फरमान (24) काम करता था। इसी दौरान वसीम की पत्नी नाजरीन उर्फ प्रिया और फरमान के बीच प्रेम संबंध हो गए।
सोमवार शाम करीब 6:30 बजे फरमान पैदल ही वसीम के घर पहुंचा। उस समय वसीम रोजा खोलने के बाद पास की मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। आरोप है कि फरमान घर में घुसा और अंदर से मेन गेट बंद कर लिया। वह नाजरीन को दूसरी मंजिल से तीसरी मंजिल पर ले गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान फरमान ने अपने साथ लाई पेट्रोल से भरी बोतल नाजरीन पर उड़ेल दी और फिर खुद पर भी पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पड़ोसी की छत के रास्ते घर में पहुंचे। किसी तरह आग बुझाई गई और दोनों को पुलिस की मदद से जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां करीब 90 फीसदी तक झुलसे फरमान की मंगवार को मौत हो गई। वहीं, लगभग 80 फीसदी झुलसी नाजरीन की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार करीब ढाई साल पहले वसीम को अपनी पत्नी और फरमान के बीच संबंधों की भनक लग गई थी, जिसके बाद उसने फरमान को काम से निकाल दिया था। इसके बावजूद दोनों के बीच चोरी-छिपे बातचीत जारी रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
Published on:
25 Feb 2026 07:20 am
